शनिवार, 26 अगस्त 2023

शिवराज मंत्रिमंडल में तीन नए मंत्रियों ने ली शपथ

बिसेन, शुक्ला और लोधी बने मंत्री

भोपाल।  शिवराज मंत्रिमंडल में 3 नए मंत्रियों को शामिल किया गया है। नए मंत्रियों में सबसे पहले महाकौशल से गौरीशंकर बिसेन, विंध्य से राजेंद्र शुक्ला और बुंदेलखंड से राहुल लोधी ने शपथ ली। राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने तीनों को राजभवन में शपथ दिलाई। 1 पद अब भी खाली है। शिवराज कैबिनेट में अब 34 मंत्री हो गए हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा केंद्रीय कृषि मंत्री एवं प्रदेश भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और अनेक जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। विधानसभा चुनाव के ठीक पहले क्षेत्रीय, जातिगत और राजनैतिक दृष्टि से संतुलन के उद्देश्य से नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई है। मंत्रिमंडल विस्तार पर पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा, ‘जब कार्यकाल हो रहा है समाप्त और गिरने वाली है सरकार, तब मध्यप्रदेश में मंत्रिमंडल का हो रहा है विस्तार। विदाई के समय स्वागत गीत गाने वाली भाजपा सरकार अब विस्तार क्या, पूरा मंत्रिमंडल भी बदल दे तो भी हार निश्चित है। ये मंत्रिमंडल नहीं, भ्रष्टाचार की मित्रमंडली का विस्तार है।

जरूरत पड़ी तो करेंगे एक और विस्तार

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि अभी हमने मंत्रिमंडल विस्तार किया है। जरूरत पड़ी तो आगे भी विस्तार करेंगे। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 75 दिन बाद फिर हम सरकार बनाएंगे। गौरतलब है कि  मंत्रिमंडल में अब कुल 34 सदस्य हैं। नियमानुसार अभी एक और मंत्री बनाए जा सकते हैं। चौथे स्थान को लेकर पार्टी नेताओं की सोच किसी आदिवासी या अनुसूचित जाति के विधायक को शपथ दिलाने की थी, लेकिन किसी एक नाम पर सहमति नहीं बनी। वहीं अब मुख्यमंत्री शिवराज के इस बयान के बाद माना जा रहा है कि जल्द ही एक और विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता हैं।

मंत्रिमंडल नहीं, भ्रष्टाचार की मित्रमंडली का है विस्तार

मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि जब कार्यकाल हो रहा है समाप्त और गिरने वाली है सरकार, तब मध्यप्रदेश में मंत्रिमंडल का हो रहा है विस्तार! विदाई के समय स्वागत गीत गाने वाली भाजपा सरकार अब विस्तार क्या पूरा मंत्रिमंडल भी बदल दे तो भी हार निश्चित है। ये मंत्रिमंडल नहीं, भ्रष्टाचार की मित्रमंडली का विस्तार है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें