बुधवार, 2 अगस्त 2023

थम नहीं रहा कूनों में चीतों की मौत का सिलसिला

अब तक छह चीते और तीन शावकों की हो चुकी मौत

भोपाल। कूनो नेशनल पार्क में चीतों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब यहां पर चीता टिबलिसी की मौत हो गई है। इस तरह अब तक छह चीते और तीन शावकों इस तरह से 9 चीतों की मौत हो चुकी है। 

कूनो नेशनल पार्क में बीते 4 महीने में अब तक 6 चीतों और 3 शावकों समेत कुल 9 चीतों की मौत हो चुकी है। फिलहाल कूनो नेशनल पार्क में अब 14 चीते और 1 शावक ही बचा है। जिससे इस प्रोजेक्ट को लेकर भी अब पार्क प्रबंधन की परेशानियां बढ़ गई हैं। फिलहाल मादा चीता की मौत को लेकर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। 

वन विभाग के ने चीता टिबलिसी (धात्री) की मौत की पुष्टि की है। विभाग के अनुसार बाहर विचरण कर रहे दोनों मादा चीता की नामीबियाई विशेषज्ञों, कूनो के वन्य प्राणी चिकित्सक एवं प्रबंधन टीम द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इनमें से टिबलिसी (भारतीय नाम धात्री) बुधवार को मृत पाई गई। अधिकारियों के अनुसार मृत्यु के कारणों का पता नहीं लगा है। पोस्टमार्टम के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा। हालांकि अभी तक जितनी भी चीता की मौत हुई है, किसी एक का भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं किया गया है।  वहीं कूनो की एक और फीमेल चीता ‘निरवा’ 7 दिन से लापता है। पार्क प्रबंधन अभी तक उसका पता नहीं लगा पाया है। पार्क प्रबंधन के द्वारा यह तर्क दिया जा रहा है कि उसके पग मार्क दिखाई दे रहे हैं।  

खटाई में पड़ता प्रोजेक्ट

भारत में विलुप्त हुए चीतों को फिर से बसाने के उद्देश्य के साथ मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में 91 करोड़ रुपए से ज्यादा  के बजट से चीतों को बसाने की कोशिश की गई है। कूनो में चीता शावकों के जन्म के बाद इस परियोजना को सफलता मिलती दिखाई दी थी, लेकिन बीते चार महीनों से लगातार एक-एक कर हो रही चीतों की मौत से अब चीता प्रोजेक्ट खटाई में पड़ता दिखाई दे रहा है।

कब-कब हुई चीतों की मौत

27 मार्च 2023 को मादा चीता साशा की मौत।

23 अप्रैल 2023 को साउथ अफ्रीका से लाए गए नर चीता उदय की मौत।

9 मई 2023 को मादा चीता दक्षा की मेटिंग के दौरान मौत। 

23 मई 2023 को मादा चीता ज्वाला के एक शावक की मौत। 

25 मई 2023 को मादा चीता ज्वाला के दो और शावकों की मौत।

11 जुलाई 2023 को एक और चीते तेजस की मौत। 

14 जुलाई 2023 को चीते सूरज की मौत।

2 अगस्त 2023 को मादा चीता तिब्लिसी (धात्री) की मौत। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें