प्रियंका, कमलनाथ सहित कई नेताओं पर दर्ज हुई एफआईआर
भोपाल। प्रदेश में 50 प्रतिशत कमीशन वाले ट्वीट को लेकर राजनीति गर्मा गई है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित अन्य कांग्रेस नेताओं पर प्रदेश के कई जिलों में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसके विरोध में कांग्रेस ने भी सड़क पर उतरने की रणनीति तय की है।
दरअसल प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया था कि मध्य प्रदेश में ठेकेदारों के संघ ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि प्रदेश में 50 प्रतिशत कमीशन देने पर ही भुगतान मिलता है। प्रियंका ने ट्वीट कर आरोप लगाए थे कि भाजपा भ्रष्टाचार में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ कर आगे निकल गई है और प्रदेश की जनता इस सरकार को सत्ता से हटाएगी। इस ट्वीट के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा ने विरोध करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी थी। भाजपा ने कहा कि सोशल मीडिया पर जो पत्र वायरल हो रहा है, वह झूठा है। इसके बाद प्रदेश भोपाल, इंदौर सहित कई जिलों में प्रियंका गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित अन्य नेताओं के खिलाफ भाजपा नेताओं ने एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं भाजपा नेताओं द्वारा एफआईआर दर्ज कराए जाने के बाद कांग्रेस ने भी सड़क पर उतरकर भाजपा का विरोध करने की तैयारी कर ली है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा के खिलाफ वे प्रदेशस्तर पर प्रदर्शन करेंगे।
50 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को उखाड़ फेंके
कमलनाथ ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि सर से पांव तक घोटालों से घिरी शिवराज सरकार के इशारे पर कांग्रेस की सम्मानित नेता प्रियंका गांधी, जयराम रमेश और मुझ सहित कई नेताओं पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में भाजपा नेताओं ने एफआईआर दर्ज कराई गई। जिस सरकार को मध्यप्रदेश का बच्चा-बच्चा कमीशन राज सरकार कहता है, वह सरकार भ्रष्टाचार की जांच नहीं करा सकती, बल्कि भ्रष्टाचार के मुद्दे को उठाने वालों पर अत्याचार कर सकती है। मैं कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता का आव्हान करता हूं कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ तन कर खड़ा हो जाए और इस 50 प्रतिशत कमीशन के राज को उखाड़ फेंके’।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें