रविवार, 13 अगस्त 2023

तिरंगा यात्रा को दिया जाए भव्य रूप


भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भोपाल में होने वाली विशाल तिरंगा यात्रा की बेहतर तैयारी सुनिश्चित की जाए। जन-प्रतिनिधियों से समन्वय कर तिरंगा यात्रा को व्यवस्थित रूप दिया जाए। भव्य एवं आकर्षक तिरंगा यात्रा निकाली जाए। तिरंगा यात्रा, विलीनीकरण शहीद स्मृति द्वार से प्रारंभ होकर कर्फ्यू वाली माता मंदिर पर समाप्त होगी। शाम 4 बजे कर्फ्यू वाली माता मंदिर पर भव्य कार्यक्रम होगा। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज निवास कार्यालय समत्व भवन में तिरंगा यात्रा की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री तिरंगा यात्रा के कार्यक्रम में झंडा वंदन में मशाल प्रज्ज्वलन करेंगे। भारत माता का पूजन करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर तिरंगा थीम पर फूल, गुब्बारों तथा कपड़े से सजावट की जाएगी। तिरंगा यात्रा के मार्ग के दोनों तरफ, आवास तथा प्रतिष्ठानों पर तिरंगे झंडे लगाए जाएंगे। यात्रा में सजी हुई गाड़ियों में झांकियों का प्रदर्शन होगा। कार्यक्रम स्थल पर लाड़ली बहना सेना की सदस्य, लाड़ली बहनें, विद्यार्थी, व्यापारिक संगठन और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहेंगे।

पहली सोलर सिटी साँची का संदेश पूरे देश में फैले

मुख्यमंत्री ने 17 अगस्त को साँची सोलर सिटी के शुभांरभ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा है कि रायसेन जिले के साँची में सौर ऊर्जा के संरक्षण और संवर्धन के लिए अद्भुत प्रयास किया गया है। साँची, मध्यप्रदेश की पहली सोलर सिटी है, जहाँ सौर ऊर्जा का बड़े स्तर पर उपयोग किया जा रहा है। संभवतः यह देश की पहली सोलर सिटी होगी। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में यहाँ हुए कार्यों का पूरे देश और दुनिया में संदेश जाए। उन्होंने भोपाल में 17 अगस्त को विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल प्रदाय के लिये राशि वितरण एवं सीएम राइज स्कूल के कार्यक्रम तथा विदिशा जिले के कुरवाई में जनदर्शन यात्रा की तैयारियों की समीक्षा भी की। बैठक में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा और स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें