बुधवार, 2 अगस्त 2023

मध्यप्रदेश में भाजपा का फोकस 30 लाख नवमतदाताओं पर

 भाजयुमो को नवमतदाताओं को साधने की सौंपी जिम्मेदारी

भोपाल। प्रदेश में विधानसभा चुनाव जीतकर सरकार बनाने को उत्साहित भाजपा की नजर प्रदेश के 30 लाख उन मतदाताओं पर है, जो पहली बार अपना मतदान करेंगे। केन्द्रीय मंत्री अमित शाह  के इंदौर प्रवास के दौरान दिए निर्देश के बाद भाजपा ने इन मतदाताओं को फोकस कर रणनीति तय की है। इसे लेकर भाजयुमो को सक्रिय किया गया है। 

मध्यप्रदेश में चुनाव आयोग भी अधिक से अधिक नए मतदाताओं के नाम निर्वाचन सूची में जोड़ने का अभियान चला रहा है। प्रदेश में आज से एक बार फिर यह अभियान शुरू हुआ है। आयोग की जानकारी के मुताबिक अप्रैल 2023 तक प्रदेश में 18 से 23 साल की उम्र के युवा मतदाताओं की संख्या प्रदेश में 30 लाख है। मौजूदा स्थिति में भाजपा इस वोट बैंक को अपने लिए फायेदमंद मान रही है। यही वजह है कि भाजपा का पूरा फोकस इन नए मतदाताओं पर है। इसके लिए सरकार ने भी योजनाएं संचालित की हैं। साथ ही भाजपा संगठन ने युवा इकाई भाजयुमो को भी सक्रिय कर दिया है। भाजयुमो द्वारा कालेज कैम्पस में पहुंचकर नवमतदाता को साधने के कार्यक्रम बनाए जा रहे हैं। 

शाह की तैयारी, मत प्रतिशत बढ़ाओ

केन्द्रीय मंत्री अमित शाह ने जब से प्रदेश की कमान संभाली है और भोपाल की बैठकों के बाद इंदौर में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित किया था, उसमें उनका पूरा जोर इस बार मत प्रतिशत को बढ़ाने पर रहा है। उन्होंने इंदौर में साफ कहा था कि 2018 और 2019 के चुनाव में भाजपा को जो मत प्रतिशत मिला उसे किसी भी हाल में बढ़ाना है। इसके लिए कार्यकर्ता को हर बूथ पर सक्रिय रहकर काम करना होगा। शाह के निर्देश के बाद राजधानी में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी शर्मा ने भाजयुमो की बैठक कर साफ निर्देश दिए है कि प्रदेश में किसी भी हाल में 51 फीसदी मत प्राप्त करने के लक्ष्य को पूरा करना है। उन्होंन युवा मतदाता को भाजपा से जोड़ने के लिए मतदाता से सीधा संपर्क करने पर जोर दिया है। भाजयुमो के अलावा जनप्रतिनिधियों, मोर्चा, मंडलों को भी कहा गया है कि वे नवमतदाता से सीधा संपर्क साधें। 

किस उम्र के कितने मतदाता

18 से 19 की उम्र वाले मतदाता 14.5 लाख

18 से 21 की उम्र वाले मतदाता 30 लाख

18 से 39 की उम्र वाले मतदाता 2.89 करोड़ 

(निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेश में कुल 5 करोड़ 39 लाख 87 हजार मतदाता है। वर्तमान में सूची का पुनरीक्षण कार्य चल रहा है, इसमें और मतदाताओं के बढ़ने की उम्मीद है।)


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें