मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में अंतरराष्ट्रीय साहित्य उत्सव उन्मेष उत्कर्ष के समापन वाले दिन 20 साहित्यिक कार्यक्रम और 12 राज्यो के लोक नृत्य प्रस्तुत किए गए। 12 राज्यों ने अपने लोक नृत्य और जनजातीय नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुति दी। तीन दिवसीय राष्ट्रीय उत्सव का समापन मध्यप्रदेश के गुदुम बाजा नृत्य के साथ हुआ।
कश्मीरी रौफ नृत्य
कश्मीर के रौफ नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति शाह कलंदर फोल्क थिएटर, बड़गाम के कलाकारों द्वारा दी गई। यह जम्मू-कश्मीर में प्रचलित सबसे प्रसिद्ध नृत्य रूपों में से एक है। सूफ़ी लोककथाओं से जुड़े इस नृत्य की लय धीमी होती है। यह नृत्य कश्मीरी जीवन का अभिन्न अंग है। राजधानी श्रीनगर के लोग इसको “रोव“ कहते हैं लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में इसका उच्चारण रौफ है। यह सूफ़ी लोक शैली की एक सामुदायिक नृत्य शैली है। विशेष रूप से रमज़ान और ईद उल अज़हा के पवित्र महीने के दौरान यह नृत्य किया जाता है।
सोराठी नृत्य, सिक्किम
गैंगटोक के नरेन गुरुंग एवं दल द्वारा सिक्किम के सोराठी नृत्य की प्रस्तुति दी गई। सोरठी नृत्य का सम्बंध राजा जयसिंह तथा उनकी रानी हेमंती रानी से है।
झिझिया नृत्य, बिहार
बिहार के झिझिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति पटना के सुरांगन संस्था के कलाकारों द्वारा दी गई। झिझिया नृत्य बिहार का लोक नृत्य है, जिसका आयोजन दुर्गा पूजा के अवसर पर किया जाता है। पूर्णतः महिलाओं द्वारा किए जाने वाले इस लोक-नृत्य में ग्रामीण महिलाएँ अपनी सखी-सहेलियों के साथ एक घेरा बनाकर नृत्य करती हैं।
होजागिरी नृत्य, त्रिपुरा
अगरतला के देवाशीष रियांग एवं दल द्वारा त्रिपुरा के होजागिरी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। होजागिरी नृत्य त्रिपुरा के प्रसिद्ध नृत्यों में से एक है। होजागिरी नृत्य को ब्रूस (रियांग) के बीच होदाइगिरी नृत्य के रूप में भी जाना जाता था। यह त्रिपुरा के रियांग समुदाय का नृत्य है। यह नृत्य केवल महिलाओं द्वारा किया जाता है।
गौड़ मारिया नृत्य, छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ के गौड़ मारिया नृत्य छत्तीसगढ़ के बाइसन- हॉर्न मारिया समुदाय के लोगों द्वारा किया जाता है। यह नृत्य विशेष रूप से जन्म और विवाह जैसे शुभ अवसरों पर किया जाता है। नृत्य में समुदाय के स्त्री-पुरुष दोनों भाग लेते हैं। यह नृत्य जुलूस की शक्ल में किया जाता है। पुरुष ढोल और ताल बजाते हैं। महिलाएँ पीतल के आभूषण जैसे हार, बाजूबंद और मोतियों के हार आदि पहनती हैं। इस नृत्य में प्रयुक्त वाद्य मंदार, ढोल और ताल है।
पुलिकली, केरल
मलयालम में ’पुलि’ का अर्थ बाघ और ’कलि’ का अर्थ नाटक होता है। यह नृत्य बाघ के शिकार पर केन्द्रित है। यह नृत्य ओणम के अवसर पर मनोरंजन के लिए प्रशिक्षित कलाकारों द्वारा किया जाता है। ओणम उत्सव के चौथे दिन, चमकीले पीले, लाल और काले रंग में बाघ और शिकारियों की तरह रंगे हुए कलाकार उडुक्कू और थविल जैसे वाद्यों की थाप पर नृत्य करते हैं।
छपेली नृत्य, उत्तराखंड
उत्तराखंड का प्रसिद्ध लोक नृत्य छपेली की प्रस्तुति संस्कार सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षक समिति, अल्मोड़ा के कलाकारों द्वारा दी गई। छपेली नृत्य वस्तुतः उत्तराखंड के कुमाऊँ मण्डल के पर्वतीय अंचल का लोकप्रीय नृत्य है। यह नृत्य मेलों-त्यौहारों के के अवसर पर किया जाता है। इस नृत्य के दौरान गायक हाथ में “हुडका“ बजाता है और हुड़के की थाप पर “जोड़“ गाता है।
गोटिपुआ नृत्य, ओडिशा
गोटीपुआ नृत्य परम्परा का सम्बंध ओडिशा के पुरी धाम के प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ मंदिर से सम्बद्ध महारी या देवदासी परम्परा से है। परम्परानुसार यह नृत्य मंदिर परिसर में ही किया जाता था। कालांतर में परम्परा बदली। स्त्रीवेश धारण किए लड़कों ने जगन्नाथ मंदिर की इस परम्परा को अन्य उत्सवों एवं आयोजनों तक विस्तार दिया।
भांगड़ा नृत्य, पंजाब
पंजाब के प्रसिद्ध लोक नृत्य भांगड़ा फ़सल कटाई के उत्सव के रूप में हुई थी, परन्तु आगे चलकर यह विवाह तथा नववर्ष समारोहों का भी अंग बन गया। पिछले तीन दशकों के दौरान भांगड़ा की लोकप्रियता में वैश्विक स्तर तक जा पहुँची है। भांगड़ा नृत्य में ढोल, अलगोजा और तुम्बी वाद्य का प्रयोग किया जाता है।
पुरुलिया छऊ, पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया छऊ की प्रस्तुति नव युवक संस्थान, पुरुलिया के कलाकारों द्वारा दी गई। पुरुलिया छऊ वास्तव में युद्धकला से जुड़ा नृत्य रूप है जिसमें सैनिक वैभव और महाकाव्यात्मक शैली के दर्शन होते हैं। पुरुलिया छऊ में नर्तक भारी- भरकम मुखौटा धारण करते हैं और बेहद चमकीली वेशभूषा में मंच पर अवतरित होते हैं। परम्परागत आभूषणों में इन नर्तकों का रूप बड़ा ही आकर्षक हो उठता है।
ओग्गू डोलु, तेलंगाना
तेलंगाना में परम्परागत लोक विधा ’ओग्गु डोलु’ बहुत लोकप्रिय है। ओग्गु का अर्थ ’डमरूकम’ है। ’डमरूकम’ एक वाद्ययंत्र है जो हाथ से बजाया जाता है तथा ’डोलु’ का अर्थ है ढोल। अतः इस प्रकार हाथ में ’डमरूकम’ लेकर और ढोल को बजाते हुए नृत्य करने को ’ओग्गु-डोलु’ कहते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें