सोमवार, 28 अगस्त 2023

मुख्य सचिव के खिलाफ कांग्रेस ने की लोकायुक्त में शिकायत


भोपाल।  प्रदेश में चुनाव के पहले कांग्रेस ने अब भाजपा सरकार को घेरने की तैयारी तेज कर दी है। इसके चलते आज कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और आजीविका मिशन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ललित मोहन बेलवाल के खिलाफ कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के लोकायुक्त एनके गुप्ता से शिकायत की है। 

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव प्रतिनिधिमंडल लोकायुक्त पहुंचा और लिखित आवेदन देकर शिकायत की। इसके पहले दिग्विजय सिंह, विवेक तन्खा, गोविंद सिंह, अरुण यादव की बैठक हुई, इसमें कैग और सीवीसी  की हाल में जारी हुई रिपोर्ट्स में मध्य प्रदेश में कई योजनाओं में भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ है, इसके बाद कांग्रेस ने शिवराज सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का निर्णय लिया है। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और आजीविका मिशन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ललित मोहन बेलवाल के खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत करने मध्यप्रदेश कांग्रेस के दिग्गज एक साथ रवाना हुए। 

मुख्य सचिव का संरक्षण है बेलवाल को

राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने आजीविका मिशन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ललित मोहन बेलवाल पर भी कई तरह के आरोप लगाए। उन्होने मध्य प्रदेश अकाउंटिंग जनरल की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कि उसमें पांच सौ करोड़ का घपला बताया गया है।  तन्खा ने कहा कि एजी की रिपोर्ट के बावजूद ललित मोहन बेलवाल को सीईओ पद पर कंटिन्यू करने को लेकर सवाल उठाया और कहा कि इतने घोटाले के बावजूद उन्हें लगातार एक्सटेंशन दिया जा रहा है और उन्हें मुख्य सचिव का संरक्षण है। उन्होंने इसे मध्य प्रदेश के लिए दुखद प्रसंग बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने कई बार विधानसभा में इस मुद्दे को उठाने की कोशिश की, लेकिन इसे उठाने नहीं दिया गया। इस मामले पर जांच की मांग करते हुए तन्खा ने सवाल किया कि आखिर इन मामलों की स्वतंत्र एजेंसी से जांच क्यों नहीं कराई जा रही है। उन्हांने कहा कि हमने अपनी शिकायत लोकायुक्त को की है और हमें पूरी उम्मीद है कि इस मामले पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें