कांग्रेस ने कहा जेल जाने को हैं हम तैयार
भोपाल। मध्यप्रदेश में प्रियंका गांधी के उस ट्वीट पर बवाल मच गया, जिसमें पचास फीसदी कमीशन ले
कर काम करने की बात कही गई थी। इस टवीट को लेकर भाजपा हमलावर हो गई है। भाजपा ने कहा कि वह इसे लेकर एफआईआर कराएगी। वहीं कांग्रेस भी पलटवार कर रही है। कांग्रेस ने कहा कि हम इसे लेकर जेल जाने को भी तैयार हैं।कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने पिछले दिनों ट्वीट कर ठेकेदारों एसोसिएशन के पत्र के हवाले से 50 फीसदी कमीशन लेने का आरोप लगाया था। उन्होंने ट्वीट में कहा था कि मध्य प्रदेश में ठेकेदारों के संघ ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि प्रदेश में 50 प्रतिशत कमीशन देने पर ही भुगतान मिलता है। कर्नाटक में भ्रष्ट भाजपा सरकार 40 प्रतिशत कमीशन की वसूली करती थी। मध्य प्रदेश में भाजपा भ्रष्टाचार का अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर आगे निकल गई है। कर्नाटक की जनता ने 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को बाहर किया, अब मध्य प्रदेश की जनता 50 कमीशन वाली भाजपा सरकार को सत्ता से हटाएगी।
प्रियंका के इस ट्वीट पर भाजपा हमलावर हो गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी शर्मा ने कहा कि इस झूठे आरोप को लेकर सायबर क्राइम के तहत जेल भेजने का काम करेंगे। मध्यप्रदेश के कोने-कोने में मामले दर्ज कराएंगे। इंदौर में एफआईआर हो गई है। उन्होंने कहा कि कल कांग्रेस ने मध्यप्रदेश के अंदर व्यूह रचना के तहत झूठ बोलने का काम किया है। फर्जी पत्र कांग्रेस ने जारी किया है। तथाकथित एसोसिएशन के नाम से पत्र जारी किया गया है। मिस्टर बंटाधार दिग्विजय सिंह और करप्टनाथ कमलनाथ झूठ बोलने की मशीन हैं। कल झूठ बोलने का रिकॉर्ड बना दिया। केंद्रीय नेतृत्व प्रियंका राहुल गांधी से भी ट्वीट करा दिया। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, यह कांग्रेस का वास्तविक चरित्र है। उन्होंने पूछा कि कौन सा एसोसिएशन है जिसका पत्र जारी हुआ है। सत्ता की भूख इतनी है कि झूठ परोस रहे हैं। कांग्रेस ने जो अपराध किया है इसके खिलाफ हम एक्शन लेंगे। प्रियंका गांधी को जवाब देना होगा कि आपने देश को गुमराह किया है। मध्यप्रदेश के नेताओं ने पहले राहुल गांधी को झूठा साबित किया और अब आपको हम कानूनी कार्रवाई करेंगे।
कांग्रेस ने किया पलटवार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान के बाद कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि 50 प्रतिशत आम बात है ऐसे काम हुए हैं, जिसमें काम नहीं हुआ और पूरे का पूरा पैसा बंट गया है। 50 प्रतिशत की चिट्ठी है, लेकिन नब्बे-नब्बे प्रतिशत तक भ्रष्टाचार हुआ है। ठेकेदारी प्रथा में पहले चलता होगा 10- 20 प्रतिशत लेकिन आजकल 50 से ऊपर कमीशन चल रहा है। रविदास मंदिर निर्माण में भी 50 करोड पहले ही रखवा लिए हैं, जो भी काम इस समय हो रहे हैं यह केवल भ्रष्टाचार के लिए हो रहा है। मैंने, कमलनाथ और प्रियंका ने वीडियो और ट्वीट जारी किया है। एफआईआर करे हम तैयार है, हम जेल जाने को भी तैयार है।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें