शनिवार, 26 अगस्त 2023

दलित युवक की मौत, कांग्रेस का जांच दल पहुंचा

पीड़ित परिवार को दिलाया मदद का भरोसा


भोपाल। सागर जिले में दलित युवक के साथ मारपीट कर उसकी हत्या किए जाने की घटना को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने घटना की जांच के लिए कमेटी का गठन कर घटना स्थल पर भेजा है। घटनास्थल पर पहुंचे जांच दल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से पीड़ितों की मोबाइल पर बात कराई है। उन्होंने पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव मदद का भरोसा जताया है।
घटना को लेकर पीड़ित परिवार और ग्रामीणों समेत समूचे दलित व अहिरवार समाज में भारी आक्रोश है। जिसके चलते मृतक का अब तक अंतिम संस्कार नहीं किया गया है। कांग्रेस के जांच दल के पहुंचने की खबर से कलेक्टर दीपक आर्य और एसपी अभिषेक तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। इस मामले में कमलनाथ के निर्देश पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी की अगुआई में 6 सदस्यीय जांच दल का गठन किया। शनिवार को पीसीसी प्रभारी अवनीश भार्गव ने जांच दल के सदस्यों जगदीश यादव, तुलाराम अहिरवार, देवेंद्र तोमर और लोकमन कुशवाहा के साथ घटनास्थल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना के संबंध में जानकारी ली। जांच दल ने मौके पर ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी को घटना से अवगत कराते हुए मृतक की बहन अंजना अहिरवार से मोबाइल फोन पर उनकी बात कराई। कमलनाथ ने मृतक की बहन से चर्चा कर घटना पर अपना तीखा आक्रोश और दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की है।
दिग्विजय पीड़ित परिवार के साथ मनाएंगे रक्षा बंधन
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के जरिए ट्वीट कर बताया की इस साल का रक्षाबंधन मैं सागर की पीड़िता के साथ मनाऊंगा उन्होंने लिखा है कि, भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी की दबंगाई का प्रमाण। क्या इस मासूम लड़की की मार्मिक वेदना मध्यप्रदेश पुलिस व प्रशासन सुनेगी? देखते हैं। मैं रक्षा बंधन इस परिवार के साथ बिताऊँगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें