प्रदेश को दी 17 हजार करोड़ से अधिक की लाकत की परियोजनाओं की सौगात
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वर्चुअली जुड़कर मध्यप्रदेश को 17 हजार करोड़ से अधिक की लागत की 37 विकास परियोजनाओं की सौगातें दीं। प्रधानमंत्री ने बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में स्थापित “विक्रमादित्य वैदिक घड़ी“ का वर्चुअली लोकार्पण एवं प्रदेश के सभी जिलों में साइबर तहसील का भी शुभारंभ किया।
लाल परेड ग्राउंड, भोपाल में आयोजित कार्यक्रम का राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हमारी सरकार विरासत और विकास को कैसे एक साथ लेकर चलती है, इसका प्रमाण उज्जैन में लगी वैदिक घड़ी भी है। बाबा महाकाल की नगरी कभी पूरी दुनिया के लिए कालगणना की केन्द्र थी लेकिन उस महत्व को भुला दिया गया था अब हमने विश्व की पहली विक्रमादित्य वैदिक घड़ी फिर से स्थापित की है। यह सिर्फ अपने समृद्ध अतीत को पुनःयाद करने का सिर्फ अवसर भर नहीं है, यह घड़ी उस कालचक्र की भी साक्षी बनने वाली है, जो भारत को विकसित बनाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज चारों तरफ एक ही बात सुनाई देती है, अबकी बार चार सौ पार। पहली बार ऐसा हुआ है जब जनता ने खुद अपनी प्रिय सरकार की वापसी के लिए ऐसा नारा बुलंद कर दिया है। ये नारा भाजपा ने नहीं, बल्कि देश की जनता-जनार्दन का दिया हुआ है। मोदी की गारंटी पर देश का इतना विश्वास भाव-विभोर करने वाला है। हम तीसरी बार में देश को तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिए चुनाव में उतर रहे हैं। वहीं कांग्रेस पर तंज कसते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने तो मैन्युफेक्चरिंग की हमारी पारंपरिक ताकत को भी बर्बाद कर दिया था। कुछ साल पहले तक हमारे बाजार और हमारे घर विदेशी खिलौनों से भरे थे। हमने देश में खिलौना बनाने वाले अपने पारंपरिक साथियों को, विश्वकर्मा परिवारों को मदद दी, आज विदेशों से खिलौनों का आयात बहुत कम हो गया है।
डिंडौरी हादसे पर जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने भाषण की शुरुआत डिंडौरी सड़क हादसे पर संवेदनाएं व्यक्त करते हुए की हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि, मैं डिंडोरी सड़क हादसे पर अपना दुख व्यक्त करता हूं। इस हादसे में जिन लोगों ने अपने परिजनों को खोया है, मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं, जो लोग घायल हैं, उनके उपचार की हर व्यवस्था सरकार कर रही है। दुख की इस घड़ी में मैं, मध्य प्रदेश के लोगों के साथ हूं।
डबल इंजन की सरकार डबल स्पीड से कर रही काम
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि कल से ही प्रदेश में 9 दिन का विक्रोत्सव शुरू हो रहा है। ये हमारे लिए गौरवशाली विरासत है। बाबा महाकाल की नगरी कभी पूरी दुनिया के लिए महत्व का केंद्र थी लेकिन काल के प्रभाव में उसे भुला दिया गया। अब एक बार फिर उज्जैन में काल चक्र बदल रहा है और विक्रम वैदिक घड़ी की स्थापना हो रही है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार डबल स्पीड से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के माध्यम से मध्यप्रदेश को कृषि, सिंचाई से लेकर विकास तक की कई सौगातें मिलीं हैं। आज प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में बिजली, पानी, सड़क बायपास से लेकर कई ग्रामीण विकास के नवाचार एमपी को मिले हैं। महाकाल लोक के साथ हमने धार्मिक पर्यटन के साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी पर्यटन को बढ़ाने का भी काम किया है।
इन परियोजनाओं का किया लोकार्पण
विभिन्न विकास परियोजनाओं में बहुउद्देश्यीय सिंचाई परियोजनाएं, 6 अति उच्चदाब विद्युत उपकेंद्रों का भूमिपूजन, 16 नगरीय निकायों की जल प्रदाय परियोजनाओं का भूमिपूजन, अधोसंरचना विकास कार्यों का शिलान्यास, मेगा लेदर, फुटवेयर और सहायक सामग्री क्लस्टर, मुरैना के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, प्लग एंड प्ले पार्क, इंदौर के निर्माण कार्य का भूमिपूजन, औद्योगिक क्षेत्र (जग्गाखेड़ी फेस-2), मंदसौर के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, पीथमपुर सेक्टर 1,2,3 एवं एसईजेड 1,2 में अधोसंरचना उन्नयन कार्य का भूमिपूजन, बुधनी नगर की एकीकृत विकास योजना का भूमिपूजन, रिडेसिफिकेशन के तहत भवनों का भूमिपूजन, आंवलिया एवं पारसडोह 2 मध्यम सूक्ष्म सिंचाई परियोजना का लोकार्पण, जयंत ओसीपी सीएचपी साइलो, एनसीएल सिंगरौली का उद्घाटन एवं अन्य परियोजनाएं शामिल हैं।































