सोमवार, 5 फ़रवरी 2024

नहीं बढ़ेगी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की उम्र

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा प्रस्ताव नहीं है विचाराधीन


भोपाल। प्रदेश में कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ाने को लेकर लगाए जा रहे कयासों का आज राज्य के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र ष्शुक्ल ने विराम दे दिया। उन्होंने कहा कि सरकार के पास इस तरह का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। 

 प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की उम्र को 62 से बढ़ाकर 65 करने की मांग उठी थी। इसी बीच ये खबर भी आई थी कि इसे लेकर प्रस्ताव तैयार किया है सरकार इस पर फैसला ले सकती है, लेकिन सारे कयासों पर आज प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने विराम लगा दिया है। शुक्ल ने कहा कि फिलहाल प्रदेश में सेवानिवृत्ति की उम्र नहीं बढ़ेगी। शुक्ल ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार के पास ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारी रिटायरमेंट 62 से 65 साल करने की मांग कर रहे है। उनकी इस मांग की अनुशंसा कर्मचारी कल्याण समिति ने भी की है।

लोकसभा चुनाव के लिए उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला को भोपाल के लोकसभा क्लस्टर प्रभारी बनाया गया है, इसे लेकर शुक्ल ने कहा कि पार्टी सिस्टम के अनुसार योजना बनाकर काम करेंगे। मंडल, जिला और शक्ति केंद्रों में जल्द से जल्द काम हो इसको लेकर हम काम कर रहे हैं। लोकसभा में भाजपा का 10 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाने का लक्ष्य है। इस दौरान शुक्ल ने उत्तराखंड में यूसीसी की तैयारी पर कहा कि मध्यप्रदेश सरकार में अभी ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। 

चुनाव लड़ने से बच रहे कांग्रेस के दिग्गज नेता

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के झाबुआ दौरे को लेकर शुक्ल ने कहा कि आदिवासी वर्ग को साधने के लिए सम्मेलन की जरूरत नहीं, क्योंकि सरकार कई जन हितैषी योजनाएं चला रही है। प्रधानमंत्री आदिवासियों से मुखातिब होने आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता जानते हैं कि चुनाव लड़ेंगे तो हार जाएंगे इसलिए चुनाव लड़ने से कतरा रहे हैं।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें