बुधवार, 7 फ़रवरी 2024

राज्यपाल के अभिभाषण के बाद विधानसभा की कार्यवाही स्थगित

कांग्रेस विधायकों ने संकल्प पत्र की प्रतियां लहराई

भोपाल। राज्य विधानसभा के पहले दिन की कार्यवाही विपक्षी दल कांग्रेस के सदस्यों के हंगामें के चलते राज्यपाल के अभिभाषण के बाद गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने अपने अभिभाषण में राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा ने पूरे देश को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया है। वहीं प्रदेश सरकार ने चित्रकूट, ओरछा और राम पथ गमन के लिए प्रतिबद्ध होकर काम शुरू कर दिया है। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद राज्यपाल ने अभिभाषण को बीच में ही रोक दिया। बाद में अभिभाषण को पढ़ा हुआ मान लिया गया।
राज्य विधानसभा के सत्र की आज बुधवार से ष्शुरूआत हुई। सत्र के पहले से ही कांग्रेस सदस्यों ने हरदा हादसे के अलावा अन्य मुद्दों पर हंगामा करने की रणनीति बनाई थी। सत्र के आरंभ होने पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल अभिभाषण  पढ़ना ष्शुरू किया। राज्यपाल ने अभिभाषण में सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। राज्यपाल ने केन-बेतवा लिंक और चंबल-सिंघ परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह योजनाएं मील का पत्थर साबित होंगी। चित्रकूट एवं ओरछा सहित प्रदेश की सीमाओं में संपूर्ण राम वन गमन पथ के विकास के लिए सरकार ने प्रतिबद्ध होकर काम शुरू कर दिया है। प्रदेश में जहां-जहां भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण के चरण पड़े, उन स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार ने संकल्प 2023 में को लेकर तेज गति से काम शुरू कर दिया है। इस वित्तीय वर्ष में 56 हजार 256 करोड़ रुपए के रिकॉर्ड पूंजीगत व्यय का लक्ष्य रखा गया है। केन्द्र सरकार के सहयोग से प्रदेश को 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक लागत की 724 किलोमीटर लंबी 24 सड़क परियोजनाओं की सौगात मिली है।
कांग्रेस ने किया हंगामा
राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा के चुनावी संकल्प पत्र की प्रति दिखाते हुए कहा कि सदन में राज्यपाल से झूठ बुलवाया जा रहा है। सरकार ने चुनाव के दौरान जो किसानों, युवाओं, महिलाओं को लेकर जो वादे किए थे, उसका इस अभिभाषण में कोई जिक्र ही नहीं है। सरकार अभिभाषण के जरिए सिर्फ अपना बखान कराने में जुटी है। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन में नारेबाजी शुरू कर दी। सिंघार ने कहा कि भाजपा ने वादा किया था कि किसानों का गेहूं 2700 और धान 3100 रुपए प्रति क्वींटल के भाव से खरीदी जाएगी। लाड़ली बहनों को 3 हजार रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे, लेकिन अभिभाषण में इसका जिक्र ही नहीं है। विपक्ष के हंगामे के चलते राज्यपाल ने अपना अभिभाषण बीच में ही रोक दिया। राज्यपाल के अभिभाषण को पढ़ा हुआ मान लिया गया। अभिभाषण पर चर्चा के लिए 9 और 12 फरवरी का दिन तय किया गया है।
चित्रकूट, ओरछा और पीतांबरा पीठ के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं
राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में कहा कि केदारनाथ धाम की तर्ज पर इंदौर से उज्जैन एवं ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग तथा जबलपुर से चित्रकूट और ग्वालियर से ओरछा और पीतांबरा पीठ के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं प्रारंभ की जाएगी। मुख्यमंत्री हेली पर्यटन सेवा योजना के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों के लिए पर्यटकों को हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री एयर एंबुलेंस सेवा प्रारंभ करते हुए प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्र से गंभीर रूप से बीमार लोगों को एयरलिफ्ट कर बड़े अस्पतालों में शिफ्ट करने के लिए सर्व सुविधायुक्त एयर एंबुलेंस चलाई जाएगी। एयर एंबुलेंस सेवा प्रारंभ करने वाला मध्य प्रदेश देश का अग्रणी राज्य हो जाएगा।
चुनावी वादों से पीछे हटी मोहन सरकार
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि विधानसभा में आज राज्यपाल के अभिभाषण से एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार विधानसभा चुनाव में जनता से किए गए प्रमुख वादों से पीछे हट गई है। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मध्य प्रदेश की जनता से तीन बड़े वादे किए थे, जिसमें पहला वादा था कि लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत महिलाओं को 3 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। लेकिन आज राज्यपाल के अभिभाषण में लाड़ली बहना योजना में 3 हजार रुपये देने की कोई बात नहीं की गई। भाजपा ने दूसरी बड़ी घोषणा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2700 रुपए प्रति क्विंटल और तीसरी घोषणा धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल करने की की थी। लेकिन न्यूनतम समर्थन मूल्य पर भी राज्यपाल के अभिभाषण में कोई बात नहीं कही गई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें