बुधवार, 7 फ़रवरी 2024

कांग्रेस को झटका, जबलपुर महापौर ने थामा भाजपा का दामन

मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने दिलाई सदस्यता


भोपाल। लोकसभा चुनाव के पहले  प्रदेश में कांग्रेस को आज बड़ा झटका लगा है, जबलपुर से कांग्रेस के महापौर जगत बहादुर अन्नू भाजपा में शामिल हो गए है। लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह महापौर जगत बहादुर अन्नू को भाजपा प्रदेश कार्यालय लेकर पहुंचे थे, जहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। 

प्रदेश नगरीय निकाय चुनाव 2022 में जगत बहादुर अन्नू कांग्रेस के टिकट पर जबलपुर के महापौर चुने गए थे, लेकिन अब उन्होंने भाजपा की सदस्यता दे ली है। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि हमारे संगठन ताकत नए सदस्यों के जुड़ने से बढ़ी है। हम सभी का स्वागत करते हैं। वहीं मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि कई लोग और कतार में हैं, हम फिलहाल अभी उन्हें रोक रहे हैं। जल्द ही वे भी आ जाएंगे। हमारी पार्टी रामराज्य लाने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में नेता दुखी हैं। उपेक्षा से दुखी है। भाजपा का जीतना देश के लिए जरूरी है, इसलिए आप लोगों ने भाजपा में शामिल होकर यह बड़ा कदम उठाया। इसके लिए हम आपका अभिनंदन करते हैं।

ये भी शामिल हुए भाजपा में 

डिंडौरी जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते, डिंडौरी जिला पंचायत उपाध्यक्ष अंजू जितेंद्र ब्यौहार, डिंडौरी कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष बीरेंद्र बिहारी शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य हीरा रूदेश परस्ते, डिंडौरी नगर पालिका पार्षद रजनीश राय, पार्षद रितेश जैन, पार्षद राजेश पाराशर, पार्षद रूपाली जैन, डिंडौरी जनपद पंचायत अध्यक्ष आशा धुर्वे, करंजिया जनपद पंचायत उपाध्यक्ष, गीता पट्टा,  डिंडौरी जनपद पंचायत सदस्य, मोना हिरौंदे, जनपद सदस्य शिवकुमारी नेताम, जनपद सदस्य मालती तिवारी, पूर्व जनपद सदस्य गोकुल सिंह वाटिया, यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रोशन पन्द्राम भी भाजपा में शामिल हो रहे हैं।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें