गुरुवार, 22 फ़रवरी 2024

उचित मूल्य की दुकानों पर अब ऑनलाईन भुगतान की व्यवस्था

मार्च से सभी जिलों में होगी यह व्यवस्था


भोपाल। प्रदेश में उचित मूल्य दुकानों को कमीशन का ऑनलाईन भुगतान व्यवस्था प्रारम्भ की गई है। उज्जैन जिले से इसकी शुरूआत हो गई है। साथ ही बड़वानी, विदिशा एवं मुरैना जिले में भी आज से ऑनलाईन भुगतान व्यवस्था शुरू हो गई है। अगले माह से शेष जिलों की उचित मूल्य दुकानों को भी ऑनलाईन कमीशन भुगतान की व्यवस्था की जायेगी।
 अपर मुख्य सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता स्मिता भारद्वाज ने उज्जैन जिले की 790 उचित मूल्य दुकानों को राशन वितरण पर देय कमीशन का ऑनलाईन भुगतान व्यवस्था शुरू की। प्रदेश में 27651 उचित मूल्य दुकानों से 5.30 करोड़ पात्र हितग्राहियों को प्रतिमाह प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजनांतर्गत (पीएमजीकेएवाय) निःशुल्क खाद्यान्न एवं शक्कर, नमक के साथ अन्य योजनाएँ- मध्यान्ह भोजन, एकीकृत महिला बाल विकास योजना, कल्याणकारी संस्थाओं (केकेवाय) एवं छात्रावास में खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है। पीएमजीकेएवाय एवं अन्य कल्याणकारी योजनांतर्गत माह की एक तारीख से माह अंत तक उचित मूल्य दुकान से वितरित राशन सामग्री का डाटा एनआईसी हैदराबाद द्वारा एपीआई के माध्यम से एनआईसी भोपाल को उपलब्ध करवाई गई है। योजनावार वितरित राशन सामग्री एवं निर्धारित दर अनुसार दुकानवार कमीशन की गणना एनआईसी भोपाल द्वारा की गई है।
कमीशन भुगतान की प्रतिमाह होगी समीक्षा
उचित मूल्य दुकानों को ऑनलाईन कमीशन भुगतान से सुविधा होगी। राज्य, जिला एवं उचित मूल्य दुकान स्तर पर भुगतान की जाने वाली राशि प्रदर्शित होगी। सभी योजनांतर्गत वितरित खाद्यान्न एवं राशन सामग्री का कमीशन उचित मूल्य दुकानों को एकसाथ प्राप्त हो सकेगा। विक्रेताओं को कमीशन प्राप्त करने के लिए किसी कार्यालय एवं देयक प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं रहेगी एवं विधिवत् रिकार्ड संधारण किया जा सकेगा। प्रतिमाह कमीशन भुगतान की जिला एवं राज्य स्तर पर समीक्षा की जा सकेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें