बुधवार, 28 फ़रवरी 2024

फसल मुआवजा जल्द देकर किसानों को राहत पंहुचाए सरकार


भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मांग की है कि हाल ही में हुई बेमौसम बारिश  से किसानों की फसल को जो नुकसान हुआ है उसे लेकर सरकार जल्द ही मुआवजा देकर किसानों को राहत पहुंचाए। 

प्रदेश कांग्रेस  अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि हाल ही में मौसम में हुए बदलाव ने मध्यप्रदेश में फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है, प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार से मंगलवार रात तक तेज हवा, बारिश के साथ गिरे ओलों ने खेतों में गेहूं, चना और सरसों की फसल को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। नर्मदापुरम, खंडवा, छिंदवाड़ा, टीकमगढ़, बैतूल, छतरपुर और निवाड़ी जिलों में ओले गिरे हैं. कुछ जिलों में खेतों में कटी रखी फसल पानी में डूब गई, किसानों को आशंका है कि अब दाने काले पड़ सकते हैं, प्रदेश सरकार को इसका संज्ञान लेकर पीड़ित किसानों को राहत पैकेज जारी करना चाहिए।

पटवारी ने कहा कि प्रदेश के 10 जिलों में तेज बारिश, आंधी चली और ओले गिरे, सबसे ज्यादा छतरपुर जिले के नौगांव और सतना में एक इंच पानी गिरा, रीवा में पौन इंच, भोपाल, रायसेन और सीधी में आधा-आधा इंच से अधिक बारिश हुई. उज्जैन, शाजापुर, बैतूल, रायसेन, खजुराहो में भी बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश, आंधी और ओले गिरने का अनुमान जताया है। उधर, पचमढ़ी, शिवपुरी में भी फसलों के लिहाज से काफी बारिश हुई है। खजुराहो में ओलों ने फसलों को नुकसान पहुंचाया है। नर्मदापुरम के इटारसी, डोलरिया, पतलई और सिवनी मालवा में ओले गिरे हैं। इटारसी के मैदानों में 50 ग्राम तक के ओले बिछने की जानकारी है, खंडवा में हरसूद और छनेरा तहसील के 10 से ज्यादा गांव ओलों से प्रभावित हुए हैं. हरसूद तहसील के कुछ गांवों में फसलों को 100 फीसदी नुकसान की बात सामने आ रही है। बैतूल में शाहपुर, भौंरा, चिचोली में जोरदार बारिश से खेत में खड़ी और काट कर रखी फसलों को नुकसान हुआ है।

फसल नुकसान का मिलेगा मुआवजा

किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने कहा है कि ओलावृष्टि से हुए नुकसान का मुआवजा किसान भाइयों को मिलेगा। किसानों के साथ सरकार हर कदम पर खड़ी है। कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ओलावृष्टि से हुए नुकसान के सर्वे के निर्देश दे दिए हैं। कृषि मंत्री ने कहा कि किसान भाई चिंता ना करें। क्षतिग्रस्त हुई फसलों का सर्वे किया जा रहा है। नुकसान की भरपाई सरकार करेगी।

परिवहन नाकां पर अवैध वसूली पर रोक लगाएं

प्रदेश के परिवहन मंत्री के बयान पर कि नाकों पर हो रही अवैध वसूली रोकने वे गुजरात माडल लागू करेंगे पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने कहा कि एक तरफ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी कह चुके हैं कि परिवहन बैरियर बंद होना चाहिए दूसरी तरफ प्रदेश सरकार यह मानते हुए कि अवैध वसूली हो.रही है गुजरात माडल ला रही है।गुप्ता ने सवाल किया कि क्या गुजरात माडल में अवैध बसूली नहीं होगी? कांग्रेस ने.मांग की है कि सरकार अवैध वसूली रोकने और दोषियों पर कार्यवाही करने की बजाय गुजरात माडल की चर्चा कर रही है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें