भोपाल। राज्य विधानसभा का सत्र कल बुधवार से शुरू होगा। सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाशण होगा। सत्र में कांग्रेस जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है। सत्र के हंगामेंदार रहने की संभावना है।राज्य विधानसभा के कल से शुरू होने वाले सत्र में सरकार 2023-24 के लिए दूसरा अनुपूरक बजट और 2024-25 के लिए लेखानुदान प्रस्तुत करेगी। लेखानुदान अप्रैल से जुलाई 2024 तक के लिए प्रस्तुत किया जाएगा, जो एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का हो सकता है। इसमें केंद्रीय योजनाओं के लिए राज्यांश का प्रावधान भी शामिल किया जाएगा। इस बार का सत्र 13 दिन का है, 13 दिन के सत्र में अभी तक 2,375 सवाल भेजे गए हैं. इनमें 1,163 तारांकित प्रश्न शामिल हैं. इस बार कुल नौ बैठकें होंगी. जबकि पिछले विधानसभा का बजट सत्र 29 दिन का रखा गया था और 3,704 सवाल भेजे गए थे।
कांग्रेस ने की सरकार को घेरने की तैयारी
विधानसभा के इस सत्र में कांग्रेस ने सरकार को घेरने की तैयारी की है। इसमें सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों को लेकर कार्ययोजना कांग्रेस ने बनाई है। साथ ही विधायकों को अलग-अलग विषय उठाने की जिम्मेदारी भी दी गई है। कांग्रेस बिगड़ती कानून व्यवस्था, पेपर लीक मामला, भर्ती परीक्षाओं के रिजल्ट न आने का मामला, लाड़ली बहनों को रसोई गैस सिलेंडर नहीं मिलने के अलावा धान बोनस की घोषणा अब तक न होने के मुद्दे उठाएगी. इन्हें लेकर ध्यानाकर्षण और स्थगन प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही है। वहीं भाजपा विधायक दल की बैठक 7 फरवरी को होगी। इस बैठक में इसमें राज्यपाल के अभिभाषण पर प्रस्तुत होने वाले कृतज्ञता ज्ञापन पर चर्चा, द्वितीय अनुपूरक, लेखानुदान और कांग्रेस के सदस्यों द्वारा उठाए जाने वाले संभावित विषयों पर चर्चा होगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें