मध्य प्रदेश से भाजपा ने डॉक्टर एल मुरुगन, उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंशीलाल गुर्जर को प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस ने अशोक सिंह को राज्यसभा का प्रत्याशी घोषित किया है।भाजपा ने राज्यसभा के लिए प्रदेश से चार लोगों के नाम तय किए है। जिनमें दो एससी और दो ओबीसी वर्ग से हैं। भाजपा ने माया नारोलिया को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाकर एक बार फिर सभी को चौंका दिया। माया नारोलिया नर्मदापुरम निवासी है। वे चार साल से मध्य प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष हैं। माया पूर्व में नर्मदापुरम नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष भी रह चुकी है। राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भाजपा सभी को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। किसान, महिलाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं को राज्यसभा भेजा जा रहा हैं। तमिलनाडु के हमारे एल मुरुगन, किसान नेता बंशीलाल गुर्जर, महिलाओं का नेतृत्व करने वाली माया नारोलिया, संत समाज के उमेश नाथ महाराजा सभी समाज और देश के विकास में सहयोगी रहेंगे। वहीं कांग्रेस में मची खींचतान पर कहा कि वहां भगदड़ मची है, आगे-आगे देखिए क्या होता है।
कांग्रेस ने अशोक सिंह को बनाया प्रत्याशी
कांग्रेस ने भी मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार के नाम तय कर दिया है। कांग्रेस ने अशोक सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। अशोक सिंह मध्यप्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष हैं । अशोक सिंह के नाम के ऐलान के साथ ही बीते कुछ दिनों से चली आ रही उन तमाम अटकलों पर विराम लग गया है, जिनमें कमलनाथ, मीनाक्षी नटराजन, अरुण यादव, अजय सिंह राहुल भैया, कमलेश्वर पटेल को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की बातें कहीं जा रही थीं। बता दें कि राज्यसभा में मध्यप्रदेश कोटे की पांच सीटें खाली होने वाली हैं। विधायकों की संख्या बल के हिसाब से देखें तो वर्तमान में 4 सीटें भाजपा को मिलेगी जबकि एक सीट कांग्रेस के खाते में आएगी।
आज है नामांकन की आखिरी तिथि
प्रदेश से पांच सीटों के लिए नामांकन 15 फरवरी तक दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन की जांच 16 फरवरी को होगी। 20 फरवरी तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद जो उम्मीदवार राज्यसभा में चुनकर जाएंगे उनका कार्यकाल 6 साल का होगा।
निर्विरोध होगा निर्वाचन
प्रदेश से राज्यसभा की सीटों के लिए दोनों ही दलों ने प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। राज्य की कुल पांच सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। इसमें भाजपा की चार और कांग्रेस की एक सीट पर जीत पक्की है। भाजपा ने डॉ. एल मुरुगन, उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने अशोक सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। कोई अतिरिक्त उम्मीदवार न होने से यह स्पष्ट है कि चुनाव निर्विरोध होंगे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें