हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, मुख्यमंत्री ने संभाला मोर्चा, मंत्री, अधिकारी पहुंचे हरदाभोपाल। प्रदेश के हरदा जिले में आज मंगलवार को एक पटाखा फैक्टी में हुए विस्फोट में करीब आधा दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। जबकि सैकड़ों लोगों के घायल होने की खबरें हैं। घटना के बाद इलाकें में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट में हुए घायलों को हरदा के अलावा इंदौर, नर्मदापुरम और भोपाल के अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया। मुख्यमंत्री ने इस भीषण हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है उनके परिजन को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि सरकार देने की घोशणा की है।
जानकारी में बताया कि हरदा के बैरागढ़ क्षेत्र में आज मंगलवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे गांव में स्थित पटाखा फैक्ट्री में एक के बाद एक लगातार तीन विस्फोट हुए। विस्फोट इतने भीषण थे कि आसपास के लगभग 20 किलोमीटर के गांवों में इसकी आवाज सुनाई दी। विस्फोट के बाद फैक्ट्री के आसपास के घरों में आग लग गई। बताया जाता है कि आग लगने के समय 30 से अधिक मजदूर फैक्टरी में काम कर रहे थे। घायलों और मृतकों में बच्चों और महिलाओं के होने की भी आशंका व्यक्त की जा रही है। जानकारी के अनुसार यह पटाखा फैक्ट्री राजू अग्रवाल की है। ब्लास्ट इतने भीषण थे कि आसपास के मकान गिर गए। हादसे के बाद हरदा जिला मुख्यालय से प्रशासनिक और चिकित्सीय अमला तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गया। हादसे के बाद प्रशासन ने सौ से ज्यादा घर खाली करा दिए। फैक्टरी से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से देखा गया।
मुख्यमंत्री ने ली आपात बैठक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरदा में पटाखा फैक्ट्री में हुई दुर्घटना के संबंध में मंत्रालय में आपात बैठक ली, अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हरदा के आसपास के क्षेत्र से एंबुलेंस हरदा पहुंचाई गई हैं, इसके साथ ही हेलीकॉप्टरों की व्यवस्था के लिए सेना से संपर्क किया गया। भोपाल, इंदौर में मेडिकल कॉलेज और एम्स भोपाल में बर्न यूनिट को तैयारी रखने के निर्देश दे दिए हैं। नर्मदापुरम में भी अस्पतालों में घायलों के उपचार के लिए व्यवस्था की गई है। घायलों को लाने के लिए ग्रीन कॉरीडोर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह, अपर मुख्य सचिव अजीत केसरी, डीजी होमगार्ड को तत्काल हेलीकॉप्टर से हरदा पहुंचे। साथ ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीमों भी पहुंची।
दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, स्थगित किया अमरवाड़ा का रात्रि प्रवास
विस्फोट की घटना को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आगजनी की घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने लिखा कि ‘पटाखा फैक्ट्री में हुई आगजनी की घटना हृदय विदारक है। इस घटना की गंभीरता के दृष्टिगत, इसकी मॉनिटरिंग की जा रही है। मैंने आज छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा गांव का रात्रि प्रवास कार्यक्रम स्थगित किया है। हम आगजनी की घटना के दोषियों को नहीं छोड़ेंगे। राज्य सरकार दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी। राहत कार्य और घायलों को उपचार प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है।
सरकार ने गठित की जांच समिति
राज्य सरकार ने हरदा के ग्राम बैरागढ़ थाना सिविल लाइन में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है। प्रमुख सचिव गृह संजय दुबे की अध्यक्षता में गठित समिति के दो सदस्यों में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तवार्ता जयदीप प्रसाद और लोक निर्माण विभाग के सचिव आरके मेहरा हैं।
आपदा प्रबंधन के लिए गठित की समिति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर हरदा में हुई पटाखा फेक्ट्री में दुघर्टना के आपदा प्रबंधन के लिए तत्काल प्रभाव से 6 सदस्यीय समिति गठित कर दी है। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान समिति के अध्यक्ष हैं। समिति, हरदा नगरीय क्षेत्र के बैरागढ़ स्थित पटाखा फेक्ट्री एवं गोदाम में घटित अग्नि दुर्घटना के आपदा प्रबंधन (बचाव एवं राहत कार्य) के लिये आवश्यक प्रबंध करेगी। समिति में अपर मुख्य सचिव धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण एवं विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु, जनजातीय अजीत केसरी, प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास नीरज मंडलोई, महानिदेशक होमगार्ड अरविंद कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रबंध आलोक रंजन सदस्य हैं। प्रमुख सचिव गृह संजय दुबे सदस्य सचिव हैं।
प्रधानमंत्री ने जताया दुख
हरदा स्थित पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए मुआवजे का ऐलान किया है। वहीं घटना में घायल लोगों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है। प्रधानमंत्री ने दुख जताते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के हरदा में एक पटाखा फैक्ट्री में दुर्घटना के कारण हुई लोगों की मृत्यु से व्यथित हूं। उन सभी के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। जो घायल हुए हैं वे जल्द से जल्द ठीक हों। स्थानीय प्रशासन सभी प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।
कांग्रेस ने गठित की जांच समिति
कांग्रेस ने जांच समिति का गठन किया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बम विस्फोट की जांच को लेकर समिति का गठन करते हुए तीन दिनों में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। फैक्ट्री में विस्फोट से जनधन की हानि की जांच के लिए रामकिशोर दोगने की अध्यक्षता में विधायक अभिजीत शाह के साथ जांच समिति गठित की है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने जांच समिति से तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें