शनिवार, 10 फ़रवरी 2024

विपक्ष को कमजोर करने की हो रही कोशिश, कांग्रेस करेगी मुकाबला


भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि देश में विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश हो रही है, लोकतंत्र पर हमले हो रहे हैं तब भी कांग्रेस पार्टी और उसकी विचारधारा ही तानाशाही का मुकाबला करेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर लिखा कि कांग्रेस की विचारधारा सत्य, धर्म और न्याय की विचारधारा है। देश के सभी धर्म, जाति, क्षेत्र, भाषा और विचार के लिए कांग्रेस की विचारधारा में समान स्थान और सम्मान है। कांग्रेस पार्टी के 138 वर्ष के इतिहास में ज्यादातर समय संघर्ष और सेवा में गुजरा है। आजादी की लड़ाई के आंदोलन में तानाशाही से संघर्ष में कांग्रेस के नेताओं में देश सेवा की होड़ लगी रही। आजादी के पश्चात राष्ट्र निर्माण ही कांग्रेस का एकमात्र ध्येय है।
उन्होंने लिखा कि आज जब देश में विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश हो रही है और लोकतंत्र पर हमले हो रहे हैं तब भी कांग्रेस पार्टी और उसकी विचारधारा ही तानाशाही का मुकाबला करेगी और देश को दुनिया का सबसे सुंदर और मजबूत लोकतंत्र बनाएगी। हम गांधी , नेहरू  और अंबेडकर के रास्ते पर चलकर स्वर्णिम भारत बनाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें