रविवार, 18 फ़रवरी 2024

देवगौड़ा, चरण सिंह की सरकार गिराने का पाप किया है कांग्रेस ने


भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में बोले मुख्यमंत्री डा मोहन यादव

भोपाल। भाजपा के दिल्ली में चल रहे राष्ट्रीय अधिवेशन में आज प्रदेश के मुख्यमंत्री डा मोहन यादव कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि ओबीसी आरक्षण की बात करने वाली कांग्रेस ने चरण सिंह और देवगौड़ा सरकार को गिराने का पाप किया है। कांग्रेस नेताओं ने भगवान श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिश्ठा समारोह में शामिल ना होकर भगवान श्रीराम का अपमान किया है।
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि मैं जहां से आता हूं। वह बाबा महाकाल की नगरी है और भगवान श्री कृष्ण ने जहां शिक्षा ग्रहण की। आज की राजनीति में जिस प्रकार से गृहमंत्री अमित शाह ने अपनी पूरी राजनीतिक यात्रा में गृहमंत्री का रोल अदा किया। उससे हमने ये एहसास किया है कि वास्तव में श्री कृष्ण के सच्चे अर्थों में शिष्य के नाते से जो शासन व्यवस्था के सूत्र चाहिए। वह सारे सूत्र हमको दिखाई देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं अत्यंत आनंद के साथ इस प्रस्ताव का समर्थन करता हूं। भाजपा देश की आशा और विपक्ष की हताशा। उज्जैन की एक और व्यवस्था है, प्रत्येक 12 साल बाद उज्जैन में कुंभ मेले का एक बार आयोजन होता है। केवल उज्जैन ही नहीं यह हमारे देश के चार नगरों में होता है। उन चारों नगरों में ऐसा माना जाता है कि देव-दानव मिलकर समुद्र मंथन करके उस समुद्र मंथन से अमृत की प्राप्ति लेते हैं। काल के प्रवाह में हम उस घटना को केवल स्मरण करें, लेकिन आज के इस राजनीतिक दौर में भी दो दल दिखाई देते हैं। उन दो दलों में से एक दल वह है जिनके बारे में गृहमंत्री ने विस्तार से बात कही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ओबीसी की बात करके चौधरी चरण सिंह की सरकार को गिराने का पाप किया। हमारा यह राष्ट्रवादी दल जिसने सम्पूर्ण देश की बात की, लेकिन अति पिछड़े व्यक्ति को भी प्रधानमंत्री को मौका देने का अवसर मिला तो हमने सबके सामने उदाहरण पेश किया। जिसके माध्यम से हमने अति पिछड़े परिवार से देश का प्रधानमंत्री दिया। मुझे इस बात की प्रसन्नता है, मैं जिस पारिवारिक पृष्ठभूमि से आता हूं। मेरा परिवार, किसान और मजदूर परिवार के रूप जाना जाता है। मुझे इतने बड़े राज्य का मुख्यमंत्री बनने का मौका कोई पार्टी दे सकती है तो वह एकमात्र पार्टी भारतीय जनता पार्टी है। जिसके माध्यम से मैं यह गौरव और गर्व पाता हूं।
भाजपा का एक सामान्य कार्यकर्ता भी बनता है मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि  भारतीय जनता पार्टी की वजह से ही एक सामान्य कार्यकर्ता नीचे से उठ कर एक बूथ से काम करते-करते देश के अलग-अलग कामों के माध्यम से राज्य का मुख्यमंत्री भी बनता है। मध्यप्रदेश उन राज्य में आता है, जहां चार-चार मुख्यमंत्री ओबीसी वर्ग से आते हैं। मुख्यमंत्री बनने का गौरव अगर किसी ने दिया है तो वो एकमात्र पार्टी भारतीय जनता पार्टी है। कांग्रेस पार्टी की लड़ाई के आधार पर हम बात करें तो अगर पांच विधानसभाओं का हिसाब लगाए तो चुनाव में 5 विधानसभा में से कांग्रेस 4 में हार गई। जिनमें 2 में उनकी सरकार थी। आप अंदाजा लगा लो आज आंध्र प्रदेश, नागालैंड, सिक्किम इन चार राज्यों में कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें