बुधवार, 28 फ़रवरी 2024

भोपाल, मुरैना पर दिग्गजों का जोर, दिखेंगे नए चेहरे

भाजपा में गढ़ बनती जा रही सीटों पर दावेदारों की संख्या भी बढ़ी

भोपाल। लोकसभा चुनाव को लेकर प्रदेश भाजपा इन दिनों प्रत्याशी चयन प्रक्रिया में उलझी है। राज्य की 29 लोकसभा सीटों में से भाजपा की गढ़ बनती जा रही सीटों पर उसे प्रत्याशी चयन में ज्यादा मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। इन सीटों पर दावेदारों की संख्या ज्यादा है। वहीं राजधानी भोपाल, इंदौर और मुरैना जैसी सीटों पर दिग्गज भी दावेदारी कर रही है। भाजपा इस बार दर्जनभर सीटों पर नए चेहरों पर दाव लगा रही है। 

भाजपा ने लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 29 सीटों पर जीत और पचास फीसदी से ज्यादा वोट हासिल करने का लक्ष्य तय किया है। इस लक्ष्य को पाने के लिए दिग्गज नेता लगातार संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर रणनीति बना रहे हैं। भाजपा संगठन भी मैदानी स्तर पर सक्रियता दिखा रहा है। वहीं प्रदेश संगठन ने सभी 29 सीटों पर प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया के चलते नामों पर मंथन करना भी तेज कर दिया है। प्रदेश पदाधिकारी कई बार नामों पर मंथन कर चुके हैं। आखिरी मंथन दिल्ली में होना है, जहां से नाम तय किए जाएंगे। प्रदेश भाजपा में इस बार पिछले चुनावों की अपेक्षा हर सीट पर दावेदारों की संख्या बढ़ती जा रही है। प्रदेश संगठन के पदाधिकारी भी चुनाव लड़ने को आतुर नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि प्रदेश पदाधिकारियों के सामने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया गठिन होती जा रही है। इसके चलते हर सीट पर भाजपा नामों का पैनल तैयार कर लिया है। इन नामों को दिल्ली में केन्द्रीय चुनाव समिति के सामने रखा जाएगा, जहां से किसी एक नाम पर मोहर लगेगी। भाजपा के लिए गढ़ बनती जा रही सीटों भोपाल, इंदौर, मुरैना, विदिशा, दमोह, जबलपुर, सागर, दमोह, खरगोन, सीधी जैसी सीटों पर दावेदारों की संख्या भी बढ़ी है। 

विधानसभा चुनाव हारे नेता भी सक्रिय

प्रदेश भाजपा में इस बार विधानसभा चुनाव हारे प्रत्याशी भी दावेदारी में पीछे नहीं है। इन दावेदारों में पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा भोपाल के अलावा मुरैना, पूर्व महापौर आलोक ष्शर्मा भोपाल, पूर्व मंत्री इमरती देवी और आर्य भिंड संसदीय सीट से दावेदारी कर रहे हैं। वहीं पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया मंदसौर सीट से दावेदार हैं। वहीं बालाघाट से चुनाव हारे पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन भी लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा रख रहे हैं। 

प्रदेश अध्यक्ष भी चाह रहे सुरक्षित सीट 

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा वर्तमान में खजुराहो संसदीय सीट से सांसद है। वे इस बार खजुराहो की बजाय भाजपा और मुरैना सीट से दावेदारी कर रहे हैं। भोपाल भाजपा के लिए सबसे सुरक्षित सीट है। इसके अलावा मुरैना सीट भी भाजपा के गढ़ बनती जा रही है। शर्मा खुद चंबल क्षेत्र से आते हैं, इसके चलते उनका रूझान इस बार मुरैना सीट पर भी है। 1996 के लोकसभा चुनाव के बाद से इस सीट पर भाजपा का कब्जा रहा है। जबकि भोपाल सीट 1989 से भाजपा के कब्जे में हैं। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें