शुक्रवार, 23 फ़रवरी 2024

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में ड्रेस कोड में दिखेंगे अधिकारी

मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश, कार्यक्रम के दौरान मोबाइल पर कोई अधिकारी ना करे बात


भोपाल। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में सभी जिलों के अधिकारियों को ड्रेस कोड में रहने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि  संवाद के वक्त कोई भी अधिकारी मोबाइल पर बात करते नजर नहीं आना चाहिए। मुख्यमंत्री ने सभी को अनुशासन और गरिमा का विशेष ध्यान रखने को कहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 फरवरी को होने वाले कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़ने वाले हैं। इस आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने भी अधिकारियों को इस आयोजन के दौरान अनुशासन बनाए रखने और ड्रेस कोड का विशेष ध्यान रखने की हिदायद दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुख्य आयोजन राजधानी के लाल परेड मैदान पर होगा। इस बड़े आयोजन के साथ ही हर जिले के सभी नगरीय निकायों, पंचायतों में भी यह आयोजन होगा। प्रधानमंत्री इस दौरान 20 हजार करोड़ रुपए से भी अधिक विकास कार्यों की सौगात देने वाले हैं। इस दौरान सिंचाई परियोजनाओं के साथ अधोसंरचना विकास से जुड़े कामों का भी शिलान्यास होगा। पूरे प्रदेश में साइबर तहसील लागू हो जाएंगी। इसी दिन ग्वालियर जिले को भी कई सौगात मिलेगी। साथ ही राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल का लोकार्पण भी प्रधानमंत्री वर्चुअल रूप से करेंगे।

हाथी के हमले से मौत, 10 लाख की सहायता के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अनूपपुर जिले के ग्राम पंचायत गोबरी में हाथी के हमले से युवक की मृत्यु पर गहन शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को वन विभाग के नियमों के अनुरूप 8 लाख रूपए और मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 2 लाख रूपए की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परिवार के जीविकोपार्जन हेतु शासन द्वारा हर संभव मदद की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला प्रशासन को घटना में घायल अन्य दो युवकों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें