भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए सभी 230 सीटों पर शुक्रवार यानी 17 नवंबर को मतदान होगा। इसके लिए निर्वाचन आयोग ने अपनी सभी तैयारियां लगभग पूरी कर लीं हैं। मतदान सुबह सात बजे प्रारंभ होकर शाम छह बजे तक चलेगा। नक्सल प्रभावित बालाघाट, डिंडोरी और मंडला जिले के संबंधित नक्सली क्षेत्रों में मतदान की प्रक्रिया सुबह 8 बजे प्रारंभ होकर दिन में तीन बजे तक संपन्न कराई जाएगी।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि प्रदेश की सभी 230 सीटों पर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य के 5 करोड़ 60 लाख से अधिक मतदाता 65 हजार पांच सौ से अधिक मतदान केंद्रों पर पहचानपत्र के साथ पहुंचकर मतदान कर सकेंगे। उन्होंने सभी मतदाताओं से मतदान की प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की है। विधानसभा चुनाव में कुल 2533 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 2280 पुरुष, 252 महिलाएं और एक अन्य (थर्ड जेंडर) प्रत्याशी शामिल हैं।
तैनात रहेगी एयर एंबुलेंस और हेलीकाप्टर
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि एक एयर एंबुलेंस मतदान दिवस पर 17 नवंबर मतदान संपन्न होने तक जबलपुर में उपलब्ध रहेंगी। इसके बाद यह एयर एंबुलेंस गोंदिया के लिए रवाना हो जायेगी। इसी प्रकार एक हेलीकॉप्टर 17 नवंबर को मतदान सम्पन्न होने तक बालाघाट में रखा जाएगा एवं एक अन्य हेलीकॉप्टर भोपाल में पूरे समय उपलब्ध रहेगा। एयर एम्बुलेंस और हेलीकॉप्टर का उपयोग आवश्यकता होने पर किसी भी प्रकार की आकस्मिक सेवाओं के लिये किया जाएगा। विमानन संचालनालय ने कलेक्टर बालाघाट, जबलपुर, भोपाल एवं एयरपोर्ट डायरेक्टर गोंदिया को इस संबंध में आवश्यक व्यवस्थाएँ करने के लिये निर्देशित किया है।
संभागवार गठित किए दल
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने चुनाव संबंधी किसी भी शिकायत या समस्या के निराकरण के लिए संभागवार टीम गठित कर दी है। इसमें संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी पदाधिकारी मनोज खत्री को नर्मदापुरम एवं जबलपुर संभाग, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राकेश सिंह को इंदौर एवं उज्जैन संभाग, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बंसत कुर्रे को ग्वालियर, भोपाल एवं चंबल संभाग, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रूचिका चौहान को सागर, शहडोल एवं रीवा संभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इन अधिकारियों के अधीनस्थ भी अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए है। निर्वाचन के दौरान आने वाली किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के लिए संपर्क किया जा सकता है।
लोकतंत्र के महापर्व निभाएं अपनी सहभागिता
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सहभागिता निभाते हुए अपना मतदान करने का आह्वान किया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मतदाताओं से मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि 17 नवम्बर को अपने मतदान केन्द्र पर पहुँचकर शत-प्रतिशत मतदान कर भारतीय लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभायें। उन्होंने कहा कि नागरिक समृद्ध लोकतांत्रिक परम्पराओं के संवाहक हैं। मतदाताओं के सक्रिय सहभागिता से ही लोकतंत्र परिष्कृत और समृद्ध बनता है। मतदान से लोकतांत्रिक परंपरा को और अधिक समृद्ध बनाने और संवैधानिक कर्त्तव्य निभाने का एक और अवसर मिला है।
नक्सल प्रभावित वाले मतदान केंद्रों पर 8 बजे शुरू होगा मतदान
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि प्रदेश में सभी मतदान केन्द्रों पर मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। वहीं नक्सल प्रभावित बैहर, लांजी, परसवाड़ा, मंडला विधानसभा के 8 मतदान केंद्र, बिछिया विधानसभा के 47 मतदान केंद्र और डिंडोरी विधानसभा के 40 मतदान केंद्र में 3 बजे बजे तक मतदान किया जाएगा। प्रदेश की बाकी अन्य सीटों पर शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मॉक पॉल 90 मिनट पहले होगा।
335 करोड़ का अवैध माल किया गया जब्त
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि आचार संहिता लगने के बाद से 335 करोड़ का अवैध माल जब्त किया गया है। इसमें सोना, चांदी, अवैध शराब समेत अन्य सामग्री शामिल है। आंकड़ों के मुताबिक 2018 मे 72 करोड़ रुपए जब्त हुए थे। इस चुनाव में इलेक्शन कमीशन को 3 हजार 993 शिकायतें मिली। पेड न्यूज़ के 80 प्रकरण दर्ज किए गए। वोटर आईडी नहीं होने पर भी मतदाता वोट डाल सकेंगे। पैन कार्ड, आधार कार्ड, पासबुक, या पेंशन कार्ड होने पर उन्हें वोट डालने का अधिकार रहेगा। सिर्फ मतदाता सूची में उनका नाम होना चाहिए।
मतदान से जुड़ी खास बातें
प्रदेश में कुल 230 सीटों पर मतदान।
प्रदेश कुल मतदान केंद्र 2049 है।
प्रदेश में कुल 2533 उम्मीदवार मैदान में उतरे।
प्रदेश में कुल मतदाता की संख्या 5,60,60,925 है।
पुरुष मतदाता की संख्या 2,88,25,607 है।
महिला मतदाता की संख्या 2,72,33,945 है।
तीसरे लिंग के मतदाता 1,373 हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें