कमलनाथ ने किया वादा सरकार बनी तो सेवकों की तरह देंगे सुविधा
भोपाल। विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने में अब 4 दिन ही शेष बचे हैं। इससे पहले मतदाताओं को रिझाने के लिए राजनीतिक दल बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने चुनाव से पहले आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को लेकर बड़ी घोषणा कर दी है।
कमलनाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर सुपोषित नारी व सुपोषित शिशु से खुशहाल मध्यप्रदेश का नव-निर्माण होगा और मैं इसके लिए वचनबद्ध हूं। सुपोषण अभियान में आंगनबाड़ी कायकर्ताओं और सहायिकाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और उनके उज्जवल भविष्य के लिए कांग्रेस सरकार-आंगनबाड़ियों को नर्सरी स्कूल की तरह विकसित करेंगे एवं कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को सरकारी कर्मचारी की तरह मान्यता देते हुए वेतनमान देने का नियम बनायेंगे, जिसमें वेतन वृद्धि, पदोन्नति, अनुकंपा नियुक्ति, मातृत्व अवकाश एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन की सुविधा देने के लिए न्याय करेंगे।
कमलनाथ ने लिखा कि नीति में प्रावधान कर मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का दर्जा देने का उपाय करेंगे।आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को स्वयं का आवास बनाने के लिए ऋण सुविधा उपलब्ध करायेंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का परिवार सहित 25 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा एवं 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा करायेंगे। परियोजना अधिकारी व सुपर वाइजर की ग्रेड-पे सुधारेंगे एवं पदोन्नति करेंगे। निष्कासित किए गए संविदा ईसीसीई कोऑर्डिनेटर एवं एनएनएम योजना के आउटसोर्स कर्मचारी को सेवा का अवसर प्रदान करेंगे, प्राथमिकता देंगे, वर्तमान में एनएनएम योजना के आउटसोर्स कर्मचारियों को निरंतर सेवा के अवसर प्रदान करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें