अप्रैल में रिक्त होंगी पांच सीटें
भोपाल। विधानसभा के तीन दिसंबर को आने परिणाम प्रदेश की राज्यसभा की 5 सीटों को भी प्रभावित करेंगें। अप्रैल 2024 में रिक्त होने वाली प्रदेश की पांच राज्यसभा सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के खाते में कितनी सीटें जाएंगी यह तय इस परिणाम से ही होगा।
राज्यसभा के लिए मध्यप्रदेश से 11 सीटें है। इनमें वर्तमान में आठ भाजपा और तीन कांग्रेस के खाते में हैं। इन 11 सीटों में से अप्रैल 2024 में पांच सीटों के सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो जाएगा। इसके चलते अप्रैल में इन पांच सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव होना तय है। इन पांच सीटों पर वर्तमान में भाजपा के चार और कांग्रेस के खातें में एक सीट है। 3 दिसंबर का चुनाव परिणाम इन सीटों पर सीधा असर डालेगा। जानकारों का कहना है कि अगर वर्तमान विधायकों की संख्या में दलवार घट-बढ़ होती है तो सीटें भी भाजपा और कांग्रेस के खाते में कम और ज्यादा होंगी। इस लिहाज से दोनों ही दल राज्यसभा चुनाव को देखते हुए भी चुनाव परिणाम को लेकर गंभीर है।
गौरतलब है कि विधानसभा के सदस्यों की संख्या के आधार पर सदस्य के मत का मूल्य तय होगा। ऐसे में साफ है कि जिस पार्टी के सदस्यों की संख्या जितनी ज्यादा होगी, उसके उतने ही राज्यसभा सदस्य होंगे। इन पांच राज्यसभा सीटों को लेकर दोनों ही राजनीतिक दलों में राज्यसभा प्रत्याशियों के लिए अभी से चर्चा भी शुरू हो गई है।
इस्तीफे के चलते बदल गए थे समीकरण
2020 में राज्यसभा की सीटों के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस के 22 विधायकों द्वारा इस्तीफा देने के कारण कांग्रेस के समीकरण बिगड़ गए थे। इस चुनाव में कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह और फूल सिंह बरैया मैदान में थे तो भाजपा की ओर से ज्योतिरादित्य सिंधिया और सूमेर सिंह प्रत्याशी थे। एक सीट के लिए मतदान होना था। इसका कारण था कि कांग्रेस के 22 विधायक चुनाव 10 मार्च 2020 को अपना इस्तीफा दे चुके थे। इस चुनाव में दिग्विजय सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेर सिंह विजयी हुए थे, जबकि बरैया चुनाव हार गए थे। उन्हें केवल 38 वोट ही हासिल हुए थे।
अप्रैल 2024 में रिक्त होंगी पांच सीटें
अजय प्रताप सिंह भाजपा 2 अप्रैल 2024
कैलाश सोनी भाजपा 2 अप्रैल 2024
धमेन्द्र प्रधान भाजपा 2 अप्रैल 2024
डा एल मुरूगन भाजपा 2 अप्रैल 2024
राजमणि पटेल कांग्रेस 2 अप्रैल 2024

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें