शुक्रवार, 10 नवंबर 2023

बड़ी संख्या में मतदान कराने वाले कर्मचारी नहीं डाल सकेंगे वोट


तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने कहा शिकायत के बाद भी नहीं मिल रही जानकारी

भोपाल। विधानसभा चुनाव में लगभग एक लाख कर्मचारी मतदान से वंचित रह जाएंगे। कर्मचारियों ने इस आशय की शिकायत भी की है, मगर उन्हें प्रशिक्षण केन्द्र से कोई सही जानकारी नहीं मिली है।
ये कहना है तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव उमाशंकर तिवारी का। उन्होंने कहा कि अप डाउन करने वाले कर्मचारी या ऐसे कर्मचारी जिनका नाम किसी और स्थान पर मतदाता में है और जिनकी चुनाव ड्यूटी लगी हुई है, वे मतदान नहीं कर पाएंगे। उन्हांने कहा कि एक तरफ सरकार शत प्रतिशत मतदान की बात करते हुए सभी नागरिकों से वोट डालने की अपील करती है, वहीं चुनाव ड्यूटी के कारण लाखों कर्मचारी मतदान नहीं कर पाएंगे जिस बात को लेकर उनमें परेशानी का माहौल है। तिवारी ने कहा कि 17 नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए प्रदेशभर में कर्मचारियों की चुनाव ड्यूटी लगाई गई है। जिन कर्मचारियों को प्रशिक्षण के उपरांत मतदान की सुविधा दी जा रही है, उस सुविधा का ऐसे कर्मचारी लाभ नहीं उठा पाएंगे जिनका नाम उस जिले की मतदाता सूची में नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसे कर्मचारियों की संख्या लगभग 1 लाख तक हो सकती है। तिवारी ने कहा कि कई कर्मचारी इस समस्या के बारे में शिकायत भी कर चुके हैं लेकिन प्रशिक्षण केंद्र पर भी उनको सही जानकारी नहीं दी जा रही है। ऐसे में कर्मचारी अपना मतदान कहां करें, इसे लेकर प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को प्रशिक्षण के समय स्पष्ट निर्देश प्रदान करने चाहिए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें