बुधवार, 1 नवंबर 2023

शुरू करेंगे मेरी बिटिया योजना : कमलनाथ


भोपाल। प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है, राजनीतिक दलों द्वारा वादे किए जाने का सिलसिला भी बढ़ता जा रहा है। इसके चलते आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश की जनता से एक और वादा करते हुए कहा कि उनकी सरकार बनने पर प्रदेश में बेटियों के लिए मेरी बिटिया रानी योजना शुरू की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आज बुधवार को सोशल मीडिया पर फिर से प्रदेश की जनता से वाद किया है। उन्होंने लिखा है कि सशक्त बेटी समृद्ध नारी मेरा मिशन है और इसे पूरा करने के लिए मैं वचनबद्ध हूं।  कांग्रेस सरकार “मेरी बिटिया रानी योजना“ प्रारंभ करेगी जिसमें “बेटियों के जन्म से विवाह संस्कार तक 2 लाख 51 हजार रुपए“ का लाभ दिया जाएगा। सभी बेटियों की शिक्षा निःशुल्क होगी। अब मध्यप्रदेश की बेटियां सशक्त, समृद्ध और खुशहाल होंगी। उन्होंने लिखा कि मेरा लक्ष्य हमारे “मध्यप्रदेश को औद्योगिक प्रदेश“ बनाना है और मैं इसके लिए वचनबद्ध हूं। कांग्रेस सरकार “मध्यप्रदेश में 5 लाख करोड़ रुपए का निवेश“ धरातल पर उतारने के लक्ष्य के साथ बढ़ेगी। प्रदेश में नए उद्योग आयेंगे और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। औद्योगिक मध्यप्रदेश से रोजगार युक्त मध्यप्रदेश का नवनिर्माण होगा।
नर्सरी से 12 वीं तक निशुल्क शिक्षा
कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मैं वचनबद्ध हूं। कांग्रेस सरकार बच्चों को “नर्सरी से 12 वीं तक की स्कूल शिक्षा निःशुल्क“ उपलब्ध कराएगी। अब प्रदेश का हर बच्चा पूरी शिक्षा पाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें