छोटे दलों के बड़े नेता भी हुए मध्यप्रदेश में सक्रिय
भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रचार में समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल के बाद बसपा प्रमुख मायावती ने भी मैदानी सभाएं लेना शुरू कर दिया है। आप ने विंध्य, अखिलेश ने विंध्य और बुंदेलखंड तो मायावती ने ग्वालियर-चंबल में सभा का पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने शुरू किया है।
विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में भाजपा और कांग्रेस के बड़े नेताओं की सभाएं तो हो रही है। वहीं अब चुनाव माहौल को गर्माने के लिए आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के नेताओं ने भी सभाएं लेना शुरू कर दिया है। आप की ओर से अरविंद केजरीवाल विंध्य के सतना और सिंगरौली में सभाएं ले चुके हैं। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव विंध्य और बुंदेलखंड अंचल में जिन सीटों पर सपा के प्रत्याशी मैदान में हैं, वहां पर लगातार दौरे कर सभाएं ले रहे हैं। इसके अलावा सपा ने ग्वालियर-चंबल अंचल में उत्तर प्रदेश के नेताओं को मैदानी मोर्चा संभालने की जिम्मेदारी भी सौंपी है। ये नेता भी इस अंचल के जिलों में पहुंचे हैं और सपा प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार की कमान संभाले हुए हैं।
इसके अलावा आज बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने मैदानी सभाएं ली है। उन्होंने ग्वालियर-चंबल अंचल के अशोकनगर से अपनी पार्टी का चुनाव अभियान शुरू किया है। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने जातिगत जनगणना के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। जिस कांग्रेस पार्टी ने मंडल कमीशन और काका कालेलकर की रिपोर्ट को लागू नहीं किया आज चुनाव के दौरान पिछड़ों का वोट लेने के लिए बड़ी-बड़ी बाते कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, लोगों को इनकी हवा-हवाई बातों के बहकावे में नहीं आना चाहिए। मायावती के निशाने पर पूरी तरह कांग्रेस की रही। मायावती 7 नवंबर को भी प्रदेश के बुंदेलखंड अंचल में सभा करेंगी। 7 नवंबर को मायावती दमोह व सागर जिले में चुनावी सभा को सम्बोधित करेंगी। बसपा की पहली जनसभा दमोह जिले के पथरिया तहसील स्थित शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में होगी। दूसरी सभा सागर जनपद के बंडा स्थित मंडी ग्राउंड निकट बड़ा चौराहा बाबा के पास होगी।
कांग्रेस, भाजपा पर हमलावर रहे अखिलेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी आज दमोह सभा लेने पहुंचे। इस दौरान वे कांग्रेस के अलावा भाजपा पर भी हमले करते रहे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार खत्म हुआ कि नहीं खत्म हुआ ? भारतीय जनता पार्टी की किताब बनी है कि कितने घोटाले हुए मध्य प्रदेश में हुए। जरा सोचिए 10 साल में भ्रष्टाचार की एक किताब बन गई। अगर दिल्ली वालों का भी हिसाब किताब लगाएंगे तो कितनी मोटी किताब हो जाएगी। कांग्रेस पर भी वे हमला करने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि यदि किसानों, पिछड़ों और दलितों की ताकत एक हो गई तो भाजपा और कांग्रेस, दोनों का ही सफाया हो जाएगा।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें