रविवार, 26 नवंबर 2023

मतगणना के लिए कांग्रेस मुख्यालय में बनेगा कंट्रोल रूम

दिग्विजय, कमलनाथ रहेंगे उपस्थित, वकीलों की टीम भी रहेगी सक्रिय

भोपाल। विधानसभा चुनाव के मतदान की 3 दिसंबर को होने वाली मतगणना को लेकर कां
ग्रेस प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित करेगी। यहां से कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रदेश भर में होने वाली मतगणना की निगरानी करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह के अलावा इस दिन अधिवक्ता और राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा के साथ वकीलों की टीम भी सक्रिय रहेगी।

मतगणना को लेकर कांग्रेस पूरी तरह से गंभीर है। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर होने वाली मतगणना के दौरान प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। इस कंट्रोल रूम में खुद कमलनाथ और दिग्विजय सिंह उपस्थित रहेंगे। उनके साथ अधिकवक्ता विवेक तन्खा के अलावा उनकी चालीस वकीलों की टीम भी उपस्थित रहेगी। जो कहीं भी गड़बड़ी होने की स्थिति में सक्रियता दिखाएगी। जानकारी के अनुसार प्रदेश में कही से भी गड़बड़ी होने पर यह टीम तुरंत जरूरी कदम उठाएगा।
प्रत्याशियों, एजेंटों को दिया प्रशिक्षण
कांग्रेस ने मतगणना के पहले आज प्रदेश के सभी कांग्रेस प्रत्याशियों और उनके साथ दो-दो एजेंटों को राजधानी बुलाया था। इन्हें मतगणना को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। सभी प्रत्याशियों और एजेंटों को मतगणना के दौरान किस तरह की सतर्क रहना है और क्या करना है। इस बात का प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें बताया गया कि मतगणना के दौरान किन-किन बातों पर ध्यान रखना है। साथ ही हर राउंड की मतगणना के बाद प्रमाण पत्र लेना है। अगर कहीं पर प्रमाण पत्र नहीं दिया जाता है तो इसकी जानकारी तुरंत ही कंट्रोल रूम में करना है।
नये नियमों की दी जानकारी
प्रत्याशियों और पोलिंग एजेंट को नए नियमों के बारे में बताया गया। गड़बड़ी होने पर किस तरह आपत्ति जताएं इसके बारे में जानकारी दी गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पहली बार चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी को किसी तरीके की दिक्कत ना आए इसलिए प्रशिक्षण जरूरी है।
बिना भय और दबाव के साथ करें मतगणना का कार्य
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ कहा कि मतगणना का कार्य बिना किसी भय और दबाव के साथ करें। कांग्रेस पार्टी के एक एक कार्यकर्ता ने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य किया है। कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रदेश की नई तस्वीर बनेगी। युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा, महिलाओं को सम्मान मिलेगा, किसानों का उत्थान होगा और नई पीढ़ी का भविष्य उज्ज्जवल होगा। उन्होंने कहा कि मतगणना के दिन पूरी निर्भीकता के साथ काम करें, कोई भी समस्या आने पर कांग्रेस प्रत्याशी और चुनाव कार्य में लगे अधिकारियों को सूचित करें, ताकि कानूनी तरीके से उसका निराकरण हो सके।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें