रविवार, 1 मार्च 2020

आबकारी नीति पर शिवराज ने कहा शर्म करो सरकार


मध्यप्रदेश सरकार की नई आबकारी नीति को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच हमले तेज होते जा रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सरकार द्वारा नई आबकारी नीति को लेकर किए गए दावे कि नई आबकारी  नीति से मदिरा लायसेंसधारियों में उत्साह है, पर कहा कि शर्म करो सरकार.
प्रदेश में नई आबकारी नीति को लेकर भाजपा हमलावर है. आज फिर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह चौहान ने इस नीति को लेकर सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने सरकार के उस दावे पर हमला बोला है जिसमें सरकार ने कहा कि नई आबकारी नीति को लेकर लायसेंसधारियों में उत्साह है. चौहान ने ट्वीट कर कहा कि हे राम! राष्ट्रपति महात्मा गांधी की आत्मा आज असीम पीड़ा से कराह रही होगी. चौहान ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि बापू नशा मुक्ति के लिए आजीवर प्रयास करते रहे और उनके नाम पर राजनीति करने वाली पार्टी आज उनके विचारों की ऐसे हत्या कर रही है. कुछ शर्म करो सरकार!
गौरतलब है कि नई आबकारी नीति के तहत आबकारी विभाग ने 2020-21 के लिए रणनीति तैयार की है जिसमें प्रदेश के 36 जिलों में मौजूदा देशी और अंग्रेजी मदिरा के फुटकर विक्रेताओं को राहत दी है जिसमें कहा गया है कि उन्हें नई नीति में रियायत दी जाएगी. इसे लेकर जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी किए गए समाचार में कहा गया कि प्रदेश में वर्ष 2020-21 की आबकारी  नीति में देशी, विदेशी मदिरा की फुटकर दुकानों के बड़े समूह बनाए जाने से मध्यप्रदेश ही नहीं बल्कि सीमावर्ती प्रांतों के मदिरा लायसेंसधारियों में उत्साह नजर आ रहा है.  बड़े मदिरा समूहों के निर्माण से मदिरा का अवैध व्यापार पर भी प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकेगा. इससे अस्वस्थ व्यवसायी प्रतिस्पर्धा समाप्त होगी और मदिरा उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता की वैध मदिरा उचित मूल्य पर उपलब्ध हो सकेगी. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें