सोमवार, 23 मार्च 2020

लाक डाउन को लेकर सख्त रहा प्रशासन, चाय-पान की दुकानें रही बंद

 नगर वाहन सेवा और लो फ्लोर बसें भी रहीं बंद

राजधानी में लाक डाउन का आज सोमवार को खासा असर दिखाई दिया. जिला प्रशासन ने लोगों से सख्त रुख अपनाया और लोगों को घरों से बाहर जाने से रोका. इस दौरान नगर वाहन सेवाओं के अलावा लो फ्लोर बसें भी बंद रही. जबकि दूध, सब्जी, मेडिकल स्टोर्स, पेट्रोल पंप के अलावा जरुरत के सामान विक्रेताओं ने अपने संस्थान खुले रखे. 
राजधानी में लाक डाउन का आज जिला प्रशासन ने लोगों से सख्ती के साथ अमल कराया. सुबह के वक्त जरुर लोग घरों से कम संख्या में बाहर निकले, मगर सुबह 9 बजे के बाद सड़कों पर लोग निकले और आटो के साथ मैजिक वाहन भी चले, इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया और इन वाहन चालकों को रोक-रोक कर समझाईश दी इसके बाद कई वाहनों को तो थाने ले जाकर खड़ा भी कराया. जिला प्रशासन के निर्देश पर दूध, सब्जी विक्रेताओं के अलावा दवा दुकाने खुली रही. वहीं पेट्रोल पंप भी खुले, मगर उन पर भीड़ कम ही नजर आई. दो पहिया वाहन चालक जरुर सड़कों पर अधिक संख्या में दिखाई दिए, जिन्हें भी पुलिस ने रोककर वापस घर जाने की समझाइश देकर घर लौटाया.
डरे नहीं, करें बचाव के उपाय
भोपाल संभागायुक्त कल्पना श्रीवास्तव ने लोगों से अपील की है कि  कोरोना से डरे नहीं बल्कि बचाव के उपाय करें. सबसे ज्यादा जरूरी है की लोगों से दूरी बनाकर रखें. प्रशासन ने तमाम इंतजाम किए हैं. उन्होंने लोगों से सहयोग करने की बात कही. उन्होंने लोगों से कहा है कि प्रशासनिक कार्य में वे अपना सहयोग दें, पुलिसकर्मियों की बातों को अन्यथा न लें, बल्कि उनके द्वारा दी जा रही समझाइश पर अमल करें.
राज्यपाल ने कुलपतियों को अवकाश के दिए निर्देश
 राज्यपाल लाल टंडन ने समस्त कुलपतियों को निर्देशित किया है कि शैक्षणिक कार्य में सलंग्न समस्त स्टाफ के लिए 31 मार्च तक अवकाश घोषित करें. उन्होंने कहा है कि विश्वविद्यालय अपने प्रशासनिक दायित्वों और अन्य आवश्यकताओं के दृष्टिगत व्यवस्था करें. यह सुनिश्चित किया जाए कि जब तक आवश्यक नहीं हो, एक दूसरे से नहीं मिला जाए. राज्यपाल ने यह निर्देश कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए आवश्यक निरोधक उपायों के दृष्टिगत दिए हैं. राज्यपाल टंडन ने कहा है कि कर्मचारियों की उपस्थिति की वैकल्पिक व्यवस्था करें. कुल कर्मचारियों के आधे को पहले दिन और शेष दूसरे को दूसरे दिन रोस्टर के आधार पर कार्यालय में उपस्थित होने की व्यवस्था की जाए. जिस दिन कर्मचारी कार्यालय नहीं आएंगे , उस दिन वे मुख्यालय के निवास में उपस्थित रहेंगे. दूरभाष एवं अन्य सम्पर्क माध्यमों से कार्यालय के सम्पर्क में रहेंगे. कुलपतियों से कहा गया है कि यह व्यवस्था 31 मार्च तक प्रभावशील रहेंगी. 
भोपाल, जबलपुर जिले में गरीब वर्ग को एक माह का राशन मिलेगा निशुल्क
कोरोना वायरस  से निपटने भोपाल-जबलपुर जिले में गरीब वर्ग को एक माह का राशन निशुल्क प्रदान किया जाएगा. यह राशन उचित मूल्य दुकानों से दिया जाएगा. कार्यवाहक मुख्यमंत्री कमल नाथ ने यह निर्देश जारी किए हैं. प्रदेश में नागरिकों को कोरोना के प्रकोप से  राहत देने की मंशा से अनेक उपाय किए जा रहे हैं. इन उपायों में शहरों में शटडाउन किया जाना भी शामिल है. शटडाउन की स्थिति में गरीबों को राहत देने के लिए यह निर्णय लिया गया है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें