रविवार, 15 मार्च 2020

विधायकों को लेकर चिंतित हूं: प्रजापति


विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति आज मीडिया के सामने आए और उन्होंने कहा कि जिन दो विधायकों ने मुझे किसी ना किसी माध्यम से अपने इस्तीफे पहुंचाएं हैं. वह चाहे सोशल मीडिया हो, टीवी हो या अन्य कोई माध्यम हो उनके इंतजार में मैं आज यहां बैठा था. लेकिन वह अभी तक नहीं आए. मेरा प्रश्न उन लोगों से यह है कि वे सीधे मेरे पास क्यों नहीं आए और मुझसे मिलकर उन्होंने इस्तीफे क्यों नहीं दिए. मैं विधानसभा का अध्यक्ष हूं इसी नाते में प्रत्येक विधायक का संरक्षक भी हूं जिस प्रकार की खबरें इन विधायकों को लेकर आ रही हैं. उनसे मैं चिंतित हूं और मीडिया भी चिंतित है तो आइए मिलकर इसका हल  ढूंढते हैं. 
जयपुर से लौटे विधायकों ने दिखाया विक्ट्री साइन
जयपुर से भोपाल लौटे कांग्रेस  और  निर्दलीय विधायक आज रविवार को भोपाल पहुंचे. विमानतल से इन विधायकों  को  एक होटल में ठहराया गया.  विमानतल से रवाना होने के दौरान  कमलनाथ सरकार के मंत्री और विधायकों ने विक्ट्री साइन दिखाया. इन विधायकों को होटल में पुलिस के पहरे में रखा गया. विधायक कांतिलाल भूरिया ने इस बात का दावा किया है कि हमारे पास 112 विधायक हैं. गौरतलब है कि प्रदेश में चल रही राजनीतिक उथलपुथल के बीच कांग्रेस के विधायकों को लगभग 4-5 दिन पहले विशेष विमान से भोपाल से जयपुर भेजा गया था. सोमवार से शुरू होने वाले महत्वपूर्ण बजट सत्र के मद्देनजर कांग्रेस विधायकों को आज वापस राजधानी भोपाल लाया गया है. हालांकि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जा चुके ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक लगभग 20 विधायक और नेता अभी बेंगलुरु में ही हैं. 
बागी विधायकों ने मांगी सीआरपीएफ सुरक्षा 
बैंगलुरु में ठहरे बागी विधायकों ने आज रविवार को फिर से एक वीडियो जारी कर सुरक्षा की मांग की है. जारी किए वीडियो में बागी विधायकों ने कहा है कि हमने अपने इस्तीफे दे दिए हैं. सभी भोपाल आना चाहते हैं, इसके लिए उन्हें सीआरपीएफ सुरक्षा दी जाए. विधायकों ने तर्क दिया है कि जब सिंधिया पर भोपाल में हमला हो सकता है तो हम कैसे सुरक्षित हो सकते हैं. विधायकों ने कहा है कि हम अपनी स्वेच्छा से बैंगलुरु आए हैं, किसी ने बंधक नहीं बनाया है. मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए हमें विधानसभा अध्यक्ष से मिलने नहीं दिया जाए, अगर परिजनों द्वारा किसी तरह की हमें लेकर शिकायत की जाए तो उसे भी अमान्य कर दिया जाए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें