रविवार, 15 मार्च 2020

फ्लोर टेस्ट नहीं टालना चाहती कांग्रेस


फ्लोर टेस्ट को लेकर आज दिनभर अलग-अलग प्रतिक्रिया आती रही. वहीं कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह फ्लोर टेस्ट टालना  नहीं चाहती है. 
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस कभी भी यह नहीं चाहेगी कि फ्लोर टेस्ट टाला जाए, हम बहुमत में हैं. वहीं राज्य के वन मंत्री उमंग सिंघार ने कहा कि बजट सत्र नहीं टाला जाएगा, वह होगा और फ्लोर टेस्ट भी होगा. मंत्री प्रदीप जायसवाल ने कहा कि हमारे पास बहुमत है, इंतजार करें और देखें.  कल परीक्षा यानी फ्लोर टेस्ट हो यह जरुरी नहीं है. अभी तो कोरोना चल रहा है.
अब तो चला, चली की है बेला
भाजपा के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि अब तो कांग्रेस सरकार की चला चली की बेला है.  विधायकों के इस्तीफे और विधानसभा अध्यक्ष की कार्रवाई पर कहा कि 24 घंटे के भीतर सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा. इसके लिए कांग्रेस चाहे तो सुप्रीम कोर्ट चले जाएं, सुप्रीम कोर्ट के कई निर्णय आ चुके है कांग्रेस बहुमत खो चुकी है. कांग्रेस के आरोपों को लेकर कहा कि, कांग्रेस के मंत्रियों के प्रति मेरी संवेदना है अब तो चला चली की बेला है.  जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा के तंत्र विद्या का इस्तेमाल करने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि अच्छा रहा वे मंदिर में पूजा कर आए इसका असर उन्हें नहीं होगा. विधायकों के इस्तीफे को लेकर कहा कि विधानसभा में अध्यक्ष का विशेषाधिकार है. मिश्रा ने कहा कि  राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष दोनों संवैधानिक पद पर बैठे हुए है दोनों सही निर्णय लेंगे.
अध्यक्ष कानूनी प्रक्रिया के मुताबिक ही करेंगे कार्यवाही
 राज्यपाल लालजी टंडन द्वारा फ्लोर टेस्ट को लेकर मुख्यमंत्री कमलनाथ को लिखे पत्र पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बयान दिया है. दिग्विजिय सिंह ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष  नियम कानून की प्रक्रिया के तहत कार्यवाही करेंगे. दरअसल मध्यप्रदेश में सियासी भूचाल के बीच लगातार मुख्यमंत्री हाउस में बैठकों का दौर जारी है. दिग्विजय सिंह, विवेक तन्खा सहित कई कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री निवास  में मौजूद रहे. बता दें राज्यपाल लालजी टंडन ने 16 मार्च को फ्लोर टेस्ट कराने के आदेश दिए हैं, जिसको लेकर सियासत फिर गरमा गई है. वहीं राजनीतिक रणनीति को लेकर बैठक कल होगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें