प्रदेश अध्यक्ष ने संभागवार विधायकों की ली बैठक, बजट सत्र घेरेंगे सरकार कोमध्यप्रदेश में भाजपा ने कमलनाथ सरकार को घेरने की रणनीति बनाना शुरु कर दी है. इसके तहत आज प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी.शर्मा ने प्रदेश कार्यालय में संभागवार विधायकों की बैठक ली और बजट सत्र के दौरान सरकार को घेरने की रणनीति एवं राज्यसभा चुनाव को लेकर चर्चा की. बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव और वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा भी उपस्थित रहे.
मध्यप्रदेश में भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष बदलने के साथ ही राज्य की कमलनाथ सरकार की घेराबंदी करने की तैयारी कर ली है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी.शर्मा लगातार वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें कर रहे थे, अब उन्होंने सभी विधायकों के साथ आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठक की. बैठक में उन्होंने बजट सत्र के दौरान सरकार पर हमलावर रहने की बात कही. साथ ही विधायकों की बात भी सुनी. प्रदेश अध्यक्ष के साथ हुई इस बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव और वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा भी उपस्थित रहे.
बैठक में सरकार को घेरने के अलावा राज्यसभा चुनाव में मतदान कराए जाने के मुद्दे पर भी चर्चा की गई. भाजपा ने निर्दलीय विधायकों के अलावा बसपा और सपा विधायकों को भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कराए जाने को लेकर मंथन किया और उन्हें अपने पक्ष में किस तरह लाया जाए इसकी रणनीति भी बनाई. भाजपा कार्यालय में नर्मदापुरम और भोपाल संभाग के विधायकों की बैठक के बाद इंदौर और उज्जैन, ग्वालियर व चंबल संभाग के विधायकों के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सीधी चर्चा की. कल 3 मार्च को रीवा एवं शहडोल, सागर और जबलपुर संभाग के विधायकों के साथ चर्चा की जाएगी.
उठा विधायकों के अपमान का मुद्दा
बैठक के दौरान कई जिलों में शिकायत आई कि हारे हुए कांग्रेस नेताओं से अधिकारी विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करा रहे हैं और निर्वाचित भाजपा नेताओं को अपमानित कर रहे हैं. इसे लेकर नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि प्रोटोकाल के उल्लंघन का मामला कई बार विधानसभा में भी उठाया जा चुका है लेकिन कुछ नहीं हुआ. इसलिए पार्टी इस पर रणनीति तय करेगी कि सत्र के दौरान क्या करना है? उन्होंने कहा कि विधायकों से उनके क्षेत्र की समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली जाएगी. विधायकों के इस अपमान पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी.शर्मा ने भी नाराजगी जताई और सरकार का विरोध करने की बात कही.
बयानबाजी के अलावा कोई काम नहीं किया सरकार ने
संभागवार विधायकों की बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अब तक बयानबाजी के अलावा कोई काम नहीं किया है. जनता से जुड़े मूल मुद्दों प्रदेश सरकार कभी आइफा तो कभी महिलाओं के लिए शराब आउटलेट, कभी नई शराब नीति से शराब माफिया को संरक्षण देने की बात करती रही है. जनसमस्यों पर तो सरकार ने ध्यान ही नहीं दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता में खासा आक्रोश है. अतिवृष्टि को लेकर उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी किसानों को अतिवृष्टि की मार झेलनी पड़ी थी. सरकार ने केन्द्र सरकार द्वारा भेजी 1 हजार करोड़ रुपए की राशि वितरित ही नहीं की. अब फिर किसान की फसल ओलावृष्टि से बर्बाद हो गई है, लेकिन कांग्रेस सरकार किसानों की कोई सुध नहीं ले रही है. प्रदेश में गूंगी, बहरी सरकार है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें