मध्यप्रदेश से राज्यसभा की सीट के लिए आज भाजपा की ओर से ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुमेर सिंह सोलंकी और कांग्रेस की ओर से दूसरी सीट के प्रत्याशी फूल सिंह बरैया ने नामांकन दाखिल कर दिया है. इस अवसर पर दोनों दलों के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे. कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह कल गुरुवार को ही अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं.भाजपा में शामिल होने के बाद गुरुवार को राजधानी भोपाल पहुंचे ज्योतिरादित्य सिंधिया आज फिर दूसरी बार प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे. यहां पर भाजपा के सभी वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया. सिंधिया के अलावा भाजपा कार्यालय में भाजपा के राज्यसभा के दूसरे प्रत्याशी सुमेर सिंह सोलंकी भी उपस्थित थे. सिंधिया और सोलंकी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा कार्यालय परिसर में स्थापित राजमाता सिंधिया, कुशाभाऊ ठाकरे और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया. इसके बाद वरिष्ठ नेताओं के साथ सिंधिया और सोलंकी विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने अपना नामांकन भरा. इस अवसर पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राज्यसभा सांसद प्रभात झा, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, गोपाल भार्गव सहित भाजपा के अन्य नेता भी मौजूद रहे.
गौरतलब है कि बैंगलुरु पहुंचे सिंधिया समर्थकों के भी सिंधिया के नामांकन भरे जाने पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही थी. मगर जब सिंधिया नामांकन भरने पहुंचे तब तक ये विधायक भोपाल वापस नहीं लौटे थे.
बरैया ने जताया जीत का भरोसा
राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस से फूलसिंह बरैया ने आज नामांकन दाखिल कर दिया है. इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और मंत्री डॉ गोविंद सिंह मौजूद रहे. फूलसिंह बरैया ने अपनी जीत का भरोसा जताया है. नामांकन दाखिल करने के बाद फूलसिंह बरैया ने कहा है कि कांग्रेस ने उन्हें प्रत्याशी बनाया है. कांग्रेस पार्टी जरूर चुनाव जीतेगी. बेंगलुरु गए कांग्रेस विधायकों को लेकर उन्होंने कहा कि जो विधायक वहां गए हैं. उन्हें भ्रम था कि वो कांग्रेस पार्टी में सिंधिया को बड़ा पद दिलाने गए हैं, लेकिन जब वो भाजपा में शामिल हो गए तो सभी विधायक प्रायश्चित कर रहे हैं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें