बुधवार, 11 मार्च 2020

कांग्रेस ने जयपुर, भाजपा ने गुरुग्राम भेजे विधायक


ज्योतिरादित्य सिंधिया की बगावत को देखते हुए कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल विधायकों को लेकर सजग हो गए हैं. भाजपा द्वारा बीती रात को ही अपने विधायकों को दिल्ली भेजकर गुरुग्राम में रोका गया, वहीं कांग्रेस ने आज अपने विधायकों को विशेष विमान से जयपुर भेजा है. विधायकों की तोड़-फोड़ की आशंका दोनों ही दलों को है. इस आशंका के चलते दोनों दलों ने यह कदम उठाया है.  कांग्रेस ने तोड़-फोड़ की आशंका और विधायकों को खरीद फरोख्त से बचाने की तैयारी में कांग्रेस के 88 और 4 निर्दलीय विधायकों को विशेष विमान से भोपाल से जयपुर ले जाया जाएगा. जयपुर जाने से पहले सभी कांग्रेस विधायक मुख्यमंत्री कमलनाथ से मिलने पहुंचे. प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया और मुकुल वासनिक भी इनके साथ मौजूद रहे. कुछ विधायकों का कहना है कि हम साथ में घूमने जा रहे हैं, इसके अलावा उन्होंने कुछ नहीं कहा. विधायकों को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सौंपी गई है. बताया जा रहा है कि वहां सभी को ब्यूना विस्ता रिसोर्ट में ठहराया जा सकता है. इस पूरे काम को अंजाम देने के लिए जयपुर में राजस्थान सीएम की टीम ने मोर्चा संभाला हुआ है. बताते चले कि इससे पहले राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत महाराष्ट्र के विधायकों की भी 4 दिन आवभगत कर चुके हैं. इसके पहले भाजपा ने अपने विधायकों को कल मंगलवार की रात को ही विधायक दल की बैठक के बाद विशेष विमान से दिल्ली भेजा था. इसके बाद उन्हें गुरुग्राम ले जाकर ठहराया है. भाजपा विधायक होली मनाने का कहकर भोपाल से रवाना हुए थे.
भगदड़ को रोकने विधायकों को बाहर भेजा  सरकार ने
राज्य के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस अपने विधायकों को भोपाल से बाहर क्यों शिफ्ट कर रही है. उन्होंने कहा कि हम तो विपक्ष में है, हमारे विधायक कई बार हमसे बोल चुके हैं कि कांग्रेस के लोगों से हमारी जान को खतरा है.  इस वजह से हमने विधायकों को सुरक्षित स्थान पर भेजा है.  मिश्रा ने कहा कि संजय पाठक जो कि भाजपा के विधायक है उनके घर पर तोड़ा फोड़ी करने के लिए कमलनाथ सरकार ने मशीनें भेज दी हैं. उन्होंने कहा कि अमानवीय अत्याचार करने पर जब सरकार उतरती है तो स्वाभाविक रूप से सुरक्षित जगह तो सोचना होगी ना. फ्लोर टेस्ट पर पूर्व मंत्री का कहना है कि सरकार में भगदड़ मची है, ये उसे रोकने के लिए कोशिश है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें