मुख्यमंत्री ने दिया साथ, विधायक ने कहा मुझे मिला आफरमध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा भाजपा पर लगाए गए हार्स ट्रेडिंग के आरोपों के बाद सियासी घमासन तेज हो गया है. सिंह को मुख्यमंत्री कमलनाथ का समर्थन मिला है तो भाजपा में उनके आरोप के बाद हड़कंप मच गया है. भाजपा संगठन ने भी विधायकों को कांग्रेस के आरोपों के झांसे में न आने की सलाह देते हुए कहा है कि बजट सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी में जुट जाएं.
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा कांग्रेस, बसपा, सपा विधायकों की खरीद-फरोख्त कर भाजपा सत्ता में आने की राह तलाश रही है. हार्स ट्रेडिंग के उनके आरोप के बाद राज्य में सियासी घमासान मच गया है. आज मंगलवार को सिंह के समर्थन में राज्य के मुख्यमंत्री कमलनाथ भी आए और उन्होंने सिंह द्वारा लगाए आरोपों से खुद को सहमत होना बताया. मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद भाजपा में भी हड़कंप सा मच गया. भाजपा नेता एक ओर जहां सिंह के आरोपों को नकारते नजर आए, वहीं कांग्रेस की ओर से भाजपा के खिलाफ मोर्चा खुला रहा. मुख्यमंत्री कमलनाथ के बाद सबलगढ़ से कांग्रेस विधायक बैजनाथ कुशवाह मीडिया में आए और उन्होंने कहा कि मुझे भाजपा से आफर मिला है. वहीं कांग्रेस नेता लगातार भाजपा पर निशाना साधते रहे.
दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने आज भी दिग्विजय सिंह के आरोपों को नकारा. पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने तो यहां तक कह दिया कि मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंंह ऊलजलूल बातें कर लोगों का समस्याओं से ध्यान भटका रहे हैं. वहीं नेता प्रतिपक्ष भार्गव ने कहा कि दिग्विजय सिंह राज्यसभा जाने के लिए संगठन पर दबाव बना रहे हैं.
मंत्रियों से संभाला मोर्चा
हार्स ट्रेडिंग के आरोपों के बीच सरकार के पक्ष में मंत्रियों ने मोर्चा संभाला और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित भाजपा नेताओं को निशाने पर लिया. लोक निर्माण मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि शिवराज सिंह का खून ज्यादा उबाल मार रहा है, जबकि गोपाल भार्गव, नरोत्तम मिश्रा का खून सुस्त हो गया है. उन्होंने दावा किया कि मेरे और मुख्यमंत्री के संपर्क में कई भाजपा विधायक हैं, जरुरत पड़ी तो दिखा देंगे. वहीं गृृह मंत्री बाला बच्चन ने कहा कि हमारे पर हार्स ट्रेडिंग की पूरे सबूत और जानकारी है. कोई कहीं नहीं जाएगा. हमारी नजर सभी विधायकों पर है. उन्होंने कहा कि सपा, बसपा, निर्दलीय विधायक मुख्यमंत्री कमलनाथ के संपर्क में हैं. भाजपा केवल सपने देख रही है.
रामबाई हमारी जासूस
राज्य के नवीन और नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हर्ष सिंह ने कहा कि रामबाई तो हमारी जासूस है. वह भाजपा नेताओं के संपर्क में जासूसी के लिए गई है. उन्हें जासूसी के लिए हमने ही भेजा है. वह तो बुंदेलखंड की शेरनी है और मुख्यमंत्री कमलनाथ को भगवान मानती है. उन्होंने कहा कि रामबाई सरकार और मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ रहेगी. वहीं राज्य के सहकारिता मंत्री डा. गोविंद सिंह ने कहा कि हमारे पास विधायक बैजनाथ कुशवाह से चर्चा की आडियो क्लीप है. वैसे हमें किसी तरह का भय नहीं है, हमारे विधायक हमारे साथ हैं.हमें हमारे विधायकों से संपर्क बनाए रखने की जरुरत नहीं है, सभी विधायक आजाद हैं.
कांग्रेस के झांसे में न आएं विधायक
विधायकों की खरीद-फरोख्त के बीच प्रदेश भाजपा संगठन ने अपने सभी विधायकों से कहा है कि वे कांग्रेस नेताओं के झांसे में न आएं और एकजुट रहकर पार्टी के लिए काम करें. कांग्रेस सरकार को बजट सत्र के दौरान जनता के साथ किए गए छलावे पर जमकर घेरने के लिए विधायकों से मुद्दे भी पूछे जा रहे हैं. राजधानी में भाजपा विधायकों की संगठन के साथ चल रही बैठक में विधायकों को ये निर्देश दिए गए. आज मंगलवार को प्रदेश संगठन द्वारा रीवा-शहडोल, सागर व जबलपुर संभाग के विधायकों से चर्चा की गई. इसके पूर्व छह संभागों के विधायकों से सोमवार को हो चुकी है. बैठक में मुख्य फोकस रीवा व शहडोल संभाग के विधायक शरद कौल और नारायण त्रिपाठी जैसे विधायक रहे जिनके कारण 6 माह पहले भाजपा को किरकिरी हुई थी. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने इन संभागों के विधायकों से चर्चा में साफ कहा है कि कांग्रेसियों के झांसे में नहीं आएं. हम अनुशासित दल के नेता हैं और हमारी एकजुटता आने वाले दिनों में पार्टी की मिसाल बनेगी.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें