सोमवार, 2 मार्च 2020

मुद्दा नहीं बचा तो खरीद-फरोख्त के लगाए आरोप

वी.डी.शर्मा 

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा भाजपा पर विधायकों की खरीद फरोख्त के आरोप लगाए जाने के बाद प्रदेश भाजपा में हड़कंप मच गया है. भाजपा ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी.शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह के पास दंगा भड़काने जैसा कोई मुद्दा नहीं बचा तो वे अब खरीद-फरोख्त के आरोप लगा रहे हैं. 
प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए वी.डी.शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने दिल्ली में जो आरोप लगाए वे उनकी ओछी मानसिकता के प्रतीक हैं. उन्होंने कहा कि  दिग्विजय सिंह को कोई ऐसा मुद्दा नहीं मिला, जिससे दंगे भड़क जाएं. लिहाजा विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगा रहे हैं. वे इस तरह के आरोप लगाकर सुर्खियों में रहना चाहते हैं. शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह को विवादों में रहने की आदत है. इसलिए वे ऐसे बयान देते रहते हैं. वहीं इस मामले में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि दिग्विजय सिंह झूठ बोल रहे हैं. वे ऐसा करके अपने विधायकों को एकजुट रखने की कवायद कर रहे हैं. विधायक की बोली लगाना मध्यप्रदेश की संस्कृति नहीं रहा है.
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर कांग्रेस विधायकों को 25 से 30 करोड़ रुपए का आफर देने का आरोप लगाया है.  
झूठ बोलेकर सनसनी फैलाना उनका काम
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के आरोपों पर पलटवार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह चौहान ने कहा कि दिग्विजय सिंह की आदत बन गई है कि वे झूठ बोलकर सनसनी फैलाते रहे हैं. उनका ताजा बयान उसी का अंग है. उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से सिंह मुख्यमंत्री कमलनाथ को ब्लैकमेल करना चाहते हैं.  उनके दिमाग में क्या चल रहा है, यह वही जाने. मैं उनके बयान को लेकर बस इतना ही कह सकता हूं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें