सोमवार, 9 मार्च 2020

गृह मंत्री बनना चाहते हैं निर्दलीय विधायक शेरा, बच्चन की क्षमताओं पर उठाए सवाल

 मुंबई से लौटकर मिले वित्त मंत्री से, कहा अब मचेगी भाजपा में भगदड़

निर्दलीय विधायक सुरेन्द्र सिंह शेरा ने कहा कि वे गृह मंत्री बनना चाहते हैं. उन्होंने वर्तमान गृह मंत्री बाला बच्चन की क्षमताओं पर भी सवाल उठाए और कहा कि उनसे काम संभाल नहीं रहा है. भाजपा पर हमला बोलते हुए शेरा ने कहा कि अब भाजपा में घमासान मचेगा और टूट-फूट होगी.
बैंगलुरु से वापस लौटने के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात कर निर्दलीय विधायक सुरेन्द्र सिंह शेरा ने यह संकेत दिए थे कि वे मंत्री बनेंगे. इसके बाद वे दिल्ली और फिर मुंबई चले गए, वहां से आज वापस लौटे और राजधानी में वित्त मंत्री तरुण भानोत से उन्होंने मुलाकात की. भानोत से उनके निवास पर हुई मुलाकात के बाद शेरा ने मीडिया से चर्चा करते हुए चौंकाने वाला बयान दिया. शेरा ने कहा कि वे प्रदेश के गृह मंत्री बनना चाहते हैं. वर्तमान गृह मंत्री बाला बच्चन की क्षमताओं पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि बाला बच्चन में क्षमताओं की कमी है, उनसे काम संभल नहीं रहा है. उन्होंने कहा कि मेरी इच्छा है कि पुलिस पीपुल फ्रेंडली होनी चाहिए. लोगों में पुलिस का भय नहीं होना चाहिए, बल्कि पुलिस उनकी दोस्त होनी चाहिए. कांग्रेस में मचे घमासान को लेकर उन्होंने कहा कि  अब यह घमासान भाजपा में देखने को मिलेगा. अब भाजपा में टूट-फूट होगी. भाजपा के कई विधायक उनके संपर्क में हैं. वे विधायकों के बारे में जल्द ही मुख्यमंत्री कमलनाथ से भी चर्चा करेंगे.
गौरतलब है कि निर्दलीय विधायक सुरेन्द्र सिंह शेरा भी लापता थे. उन्हें लेकर कांग्रेस ने उनके बंधक बनाए जाने की आरोप लगाया था. इसके बाद वे खुद सामने आए और बैंगलुरु से भोपाल पहुंचकर उन्होंने मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात कर यह कहा था कि वे कांग्रेस के साथ हैं और मंत्री बनने का आश्वासन उन्हें मुख्यमंत्री से मिल गया है. आज शेरा का जो बयान आया, उसके बाद कांग्रेस में फिर हलचल मच गई.
मंत्री बनाने का फैसला मुख्यमंत्री लेंगे
वित्त मंत्री तरुण भनोत ने कहा कि निर्दलीय विधायक सुरेन्द्र सिंह शेरा कांग्रेस के साथ हैं. सुरेंद्र सिंह शेरा को मंत्री बनाए जाने के सवाल पर तरुण भनोत ने कहा कि अंतिम फैसला मुख्यमंत्री कमलनाथ को लेना है, जल्द ही सभी को परिणाम देखने को मिलेगा. उन्होंने कहा कि शपथ को लेकर शेरा खुद यह नहीं बता रहे है कि उन्हें कब शपथ लेना है. भनोत ने कहा कि हर व्यक्ति की सोच यही होती है वह अपने क्षेत्र के विकास के लिए ज्यादा से ज्यादा कोशिश करता है, लेकिन कई बार निर्णय किसी एक हाथ में नहीं होता है. शेरा की बात लगातार मुख्यमंत्री कमलनाथ से हो रही है, इसलिए उनकी हर समस्या के समाधान का निर्णय मुख्यमंत्री कमलनाथ ही ले सकते हैं. तरुण भनोत ने कहा कि वह यह तो नहीं बता सकते कि कब किसे क्या मिलेगा, लेकिन हमारे सारे विधायक एकजुट हैं. 
षडयंत्र छोड़कर केन्द्र से राशि लाने का करें प्रयास
वित्त मंत्री तरुण भनोत ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह षडयंत्र करना छोड़ें और प्रदेश के विकास के लिए केन्द्र के पास रुकी राशि को लाने का प्रयास करें उन्होंने बजट को लेकर चाइल्ड बजट पर कहा कि इस बार बजट चाइल्ड बजट हमारे बच्चों के लिए होना चाहिए, जो सबसे बेहतर होगा, वो करेंगे.उन्होंने कहा कि इस बार सरकार कोई नया टैक्स नहीं लगाने वाली है.प्रदेश की जनता को टैक्स लगाकर आहत नहीं किया जाएगा.
लापता विधायक कंसाना ने कहा भ्रमण पर गया था मैं
कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक बिसाहुलाल की रविवार को हुई वापसी के बाद कांग्रेस के लिए आज एक और राहत भरी खबर यह आई कि लापता विधायक रघुराज सिंह कंसाना मीडिया में आए. उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि उन्हें किसी ने बंधक नहीं बनाया था, बल्कि वे भ्रमण पर गए थे. लापता होने को लेकर उन्होंने कहा कि मेरी किसी को जरुरत नहीं है, सरकार में मुझसे मिलने के लिए किसी के पास वक्त नहीं है, मैंने उपेक्षा से दुखी होकर मेरा मोबाइल बंद कर लिया था. उन्होंने कहा कि फिलहाल वे दिल्ली में हैं. कंसाना ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम लिए बिना कहा कि कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व समझ नहीं पा रहा है कि प्रदेश की जनता ने युवा नेतृत्व  और युवा चेहरे को चुना था. 
नाराज हुए कांग्रेस के एक और विधायक
प्रदेश की कमलनाथ सरकार जैसे-तैसे संकट से उबरने का प्रयास कर रही है, वहीं उसके दूसरे विधायक अब मुसीबत बनते नजर आ रहे हैं. हाल ही में वरिष्ठ नेता बिसाहुलाल सिंह के वापस आने के बाद मंत्री बनाए जाने के बयान से प्रदेश के आदिवासी विधायक फुंदेलाल मार्को खफा हो गए. अनूपपुर जिले की पुष्पराजगढ़ विधानसभा से विधायक फुंदेलाल मार्को ने भी अब मंत्री बनने के लिए दावा किया है. उन्होंने बगावती तेवर दिखाते हुए कहा कि मंत्री बनने के लिए बिसाहुलाल सिंह का यह तरीका सही नही है. अपनी सरकार को बदनाम करने का काम उन्होंने किया है. उन्होंने कहा कि इस तरह के दबाव में कांग्रेस किस-किस को मंत्री बनाएगी. प्रदेश में कई विधायक हैं, जो मंत्री बनना चाहते हैं. इस तरह की नई परंपरा को कांग्रेस जन्म दे  रही है, जो उचित नहीं है. उन्होंने अपने को मंत्री बनाने की बात कहते हुए कहा कि आजादी के बाद से प्रदेश मंत्रिमंडल में पुष्पराजगढ़ विधानसभा से कांग्रेस के निर्वाचित विधायक को स्थान नहीं मिला है, इसलिए मुझे स्थान दिया जाए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ पर भरोसा है वह क्षेत्र की जनता की भावनाओं को समझेंगे और मुझे मंत्री बनाएंगे.
भाजपा को दिल्ली में भी सिखाएंगे सबक
प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पी.सी.शर्मा भाजपा पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि यह गोआ, कर्नाटक नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश है. भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की मंशा यहां पर पूरी  नहीं होगी. मध्यप्रदेश में बहुमत वाली कांग्रेस सरकार है, यह पूरे पांच साल चलेगी. उन्होंने कहा कि कमलनाथ की सरकार है. कांग्रेस, दिल्ली में भी भाजपा को सबक सिखाएगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें