![]() |
| नरोत्तम मिश्रा |
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस सरकार की प्राथमिकता चुनाव से शुरु होती है और चुनाव पर ही खत्म हो जाती है. कांग्रेस सरकार चुनाव में झूठी घोषणाएं करती है और झूठे शिलान्यास करती है.
मिश्रा ने आज मीडिया से चर्चा करते हुए यह बात कही. उन्होंने मुख्यमंत्री कमलनाथ के आगर दौरे को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री ने उपचुनाव के चलते यह दौरा किया. जबकि आज की जरुरत ओलावृष्टि क्षेत्रों में जाने की थी. राज्य के कई जिलों में ओलावृष्टि हुई है, यहां पर सरकार की ओर से कोई नहीं पहुंचा. इनको किसान से मतलब ही नहीं है यह हमेशा किसानों के बीच झूठी बातें करते हैं. मिश्रा ने कहा कि बीते 48 घंटे से भी ज्यादा हो गए हैं ग्वालियर क्षेत्र में ओलावृष्टि से फसल खराब हुए, लेकिन ना तो मुख्यमंत्री ने उनकी समीक्षा की ना ही उनके किस मंत्री ने. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ को मंत्रालय के पांचवे फ्लोर से उतरने की फुर्सत नहीं है. आप खेतों में नहीं जा पा रहा है तो कम से कम पटवारी को भेज दो तहसीलदार को भेज दो.
पूर्व मंत्री मिश्रा ने कहा कि किसान पीड़ित शोषित है कर्जा माफी के धोखे से परेशान है. मिश्रा ने कहा कि सरकार बनाने के पहले कांग्रेस ने वचनपत्र में वादा किया था कि 2 लाख तक का कर्जा माफ करेंगे, आज तक कर्जा माफ नहीं किया. उन्होंने कहा कि एक बार धोखे से सरकार बन गई है अब आगर जाएं चाहे जौरा, किसान अब कांग्रेस के छलावे में आने वाला नहीं है. मुख्यमंत्री चाहे कितने ही शिलान्यास कर ले या कितनी ही घोषणा कर ले, उपचुनाव में मतदाता कांग्रेस को सबक सिखाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार ने बेराजगारों को भी सपने दिखाए, कहा था कि बेरोजगारों को रोजगार देंगे, मगर आज तक रोजगार नहीं दिया. उन्होंने कहा कि विधानसभा के बजट सत्र को लेकर भाजपा की बैठक में ओलावृष्टि को लेकर चर्चा की जाएगी. किसानों के साथ हुए धोखे, कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर चर्चा होगी, इसके बाद सरकार को बजट सत्र में घेरा जाएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें