रविवार, 22 मार्च 2020

नेता प्रतिपक्ष ने कहा आपके आत्म सम्मान, स्वाभिमान की होती रहेगी रक्षा


मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार गिरने के बाद भाजपा में मुख्यमंत्री पद पाने की दौड़ तेज हो चली है. इस बीच नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने भाजपा विधायकों का एक पत्र लिखा है, जो चर्चा का केन्द्र बन गया है. भार्गव के इस पत्र के कई मायने निकाले जा रहे हैं, माना जा रहा है कि वे भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार के रुप में हैं. उन्होंने विधायकों को 15 माह के कांग्रेस के शासनकार में हुई परेशानियों का उल्लेख किया और कहा कि अब आपके आत्म सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा होती रही.
नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने अपने विधायकों को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 15 माह के शासन में आपने देखा कि कांग्रेस सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान अपने दिए गए वचनों को पूरा नहीं किया व जनहितैषी एवं प्रदेश के विकास, किसान, कल्याण आदि कार्य करने के बजाय कांग्रेस पार्टी अपनी आंतरिक लड़ाई से निरंतर जूझती रही. जिसकी इतिश्री 20 मार्च को हो गई, जब कमलनाथ ने मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र दिया. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 15 माह के शासन काल में कमलनाथ सरकार ने भू माफिया के नाम पर भाजपा के विधायकों, कार्यकर्ताओं पर द्वेषपूर्ण कार्यवाही की एवं अनेकों पर एफआईआर तक दर्ज कराई जिससे आप भली भांति परिचित है. यह सब कार्यवाही भारतीय जनता पार्टी को कमजोर करने के अलावा और कुछ नहीं थी. ऐसे विपरीत समय में दृढ़ संकल्पित होकर आपने पार्टी के एक निष्ठावान समर्पित कार्यकर्ता और सजग जनप्रतिनिधि के रुप में कठोर परिश्रम किया और आप भाजपा विधायक दल के साथ मजबूती से खड़े रहे. उसी का परिणाम है कि आज हम सरकार बनाने की स्थिति में आए हैं. इस हेतु मैं आपका आभारी हूं.
भार्गव ने पत्र में लिखा है कि पार्टी के नेतृत्व में नई सरकार के गठन के साथ ही में कुशल, सख्त और प्रभावी प्रशासन मिलेगा, जिसके द्वारा आप अपने क्षेत्र की पिछले 15 महीनों में हुई क्षति एवं विकास की भरपाई कर सकेंगे एवं आपके आत्म सम्मान,  स्वाभिमान की रक्षा होती रहेगी. साथ ही आपके पद की गरिमा की पुर्नस्थापना होगी. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें