सोमवार, 23 मार्च 2020

कमलनाथ को नेता प्रतिपक्ष बनाने की उठने लगी मांग

 सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री और विधायक कर रहे मांग

मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिरने के बाद अब कांग्रेस में नेता प्रतिपक्ष पद को लेकर जोर-अजमाइश तेज हो गई है. पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के समर्थक नेता प्रतिपक्ष के साथ-साथ कमलनाथ को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद भी पर आसीन देखना चाह रहे हैं. इन  समर्थकों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से यह मांग की है.
मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिरने के बाद अब कमलनाथ समर्थक विधायक और पूर्व मंत्री कमलनाथ को नेता प्रतिपक्ष पद पर आसीन होता देखना चाह रहे हैं. साथ ही वे यह मांग भी कर रहे हैं कि कमलनाथ को ही प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी जाए. प्रदेश के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने यह मांग उठाई है. उन्होंने कहा कि हमने यह सुझाव कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी दिया है कि कमलनाथ को नेता प्रतिपक्ष के अलावा उप चुनाव की स्थिति को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान भी सौंपी जाए.  
पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने कहा कि कमलनाथ को ही नेता प्रतिपक्ष पद की कमान सौंपी जानी चाहिए. साथ ही उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद पर भी बनाए रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि राज्य में 26 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होने हैं, इसे देखते हुए कांग्रेस हाईकमान को फिलहाल दोनों पदों पर कमलनाथ को कमान सौंपी जानी चाहिए. शर्मा ने कहा कि  सभी पूर्व मंत्रियों और विधायकों की भी यही इच्छा है. उन्होंने कहा है कि कमलनाथ के नेतृत्व में अगर उपचुनाव लड़ा जाएगा तो कांग्रेस मजबूती के साथ जीत हासिल करेगी.
कमलनाथ ने सोनिया गांधी से की मुलाकात
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से दिल्ली में मुलाकात की. मुलाकात में उन्होंने प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों से उन्हें अवगत कराया. सूत्रों के अनुसार मुलाकात के दौरान कमलनाथ ने सोनिया गांधी को बताया कि किस प्रकार प्रदेश में भाजपा ने प्रलोभन का खेल खेला, साजिÞश रच कांग्रेस की सरकार को गिराया. विधायकों को बेंगलुरु में बंधक बनाया. किस प्रकार अपने लोगों ने इस खेल में भाजपा का साथ दिया. उन्होंने सोनिया को इन सारी बातो से अवगत कराया. नाथ ने कांग्रेस की सरकार के 15 माह के प्रमुख कार्यों, जनहितैषी निर्णयों से भी उन्हें अवगत कराया और बताया कि हमारी सरकार द्वारा निरंतर प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया जा रहा था, इसी से बौखलाकर व इसी के भय से भाजपा ने प्रदेश में यह खेल रचा. उन्होंने सोनिया को आश्वस्त किया कि प्रदेश के कांग्रेसजन एकजुट है, उनमें निराशा का भाव नहीं है और वे भाजपा की हर चुनौतियो का डटकर मुकाबला करेंगे. हम फिर लौटेंगे और मजबूती व ताकत से लौटेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें