सोमवार, 16 मार्च 2020

भाजपा ने विधायकों की राज्यपाल के सामने कराई परेड


विधानसभा की कार्रवाई 26 मार्च तक स्थगित किए जाने के बाद भाजपा विधायकों की भाजपा ने राज्यपाल के सामने परेड कराई. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा विधायकों को लेकर राजभवन पहुंचे थे. इन विधायकों का राज्यपाल लालजी टंडन ने आश्वस्त किया कि वे जो उचित कार्रवाई होगी वह वे करेंगे.
विधानसभा से सीधे राजभवन पहुंचे विधायकों की भाजपा ने राज्यपाल के सामने परेड कराई. राज्यपाल के सामने 106 विधायक पहुंचे और शपथ पत्र सौंपकर बहुमत की सरकार की मांग की है. भाजपा नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने बताया कि राज्यपाल के समक्ष परेड करने वाले विधायकों से राज्यपाल ने पूछा कि क्या वे अपनी स्वेच्छा से आए हैं, किसी पर कोई दबाव तो नहीं बनाया गया. इस पर विधायकों ने कहा कि वे स्वेच्छा से आए हैं और उन पर किसी ने कोई दबाव नहीं बनाया है. इसके बाद विधायकों को राज्यपाल ने आश्वस्त किया कि वे लोकतंत्र सम्मत निर्णय लेंगे.
राज्यपाल के आदेश का पालन नहीं किया सरकार ने
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने राज्यपाल के आदेश का पालन नहीं किया. अल्पमत सरकार लगातार एक के बाद एक संविधान के नियमों को तोड़ रही है. कमलनाथ सरकार पूरी तरह से अल्पमत है ऐसे अब कांग्रेस सरकार को सत्ता में नहीं रह सकती है. पूरी तरह से कमलनाथ सरकार बहुमत खो चुकी है. ऐसे में अविलंब फ्लोर टेस्ट हो, जो बहुमत में है वो ही सरकार चलाने का अधिकार है. पूर्व मुख्यमंत्री ने हमने राज्यपाल को फ्लोर टेस्ट कराने का आवेदन भी दिया है. राज्यपाल ने पूछा कि क्या आप अपनी मर्जी से आए है। जिस पर सभी ने हाथ उठाकर अपनी मर्जी बताई. इसके बाद राज्यपाल ने सभी को कानून पर भरोसा दिलाते हुए उनकी मांग पर सुनवाई करने का आश्वासन दिया. चौहान ने कहा कि राज्यपाल ने विधायकों को आश्वस्त किया है कि वे निश्ंिचत रहें, जो उचित कार्रवाई होगी वह करेंगे. अपने आदेश का पालन कराना मुझे आता है. गौरतलब है कि विधानसभा की कार्रवाई स्थगित किए जाने के बाद बसों में भरकर भाजपा विधायकों को शिवराज सिंह चौहान और नरोत्तम मिश्रा राजभवन पहुंचे थे, जहां उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर 48 घंटे के अंदर फ्लोर टेस्ट कराने की मांग की थी.
देर रात को भोपाल पहुंचे थे भाजपा विधायक
भाजपा के विधायक रविवार को आधी रात के बाद करीबन 2 बजे मानेसर (गुरुग्राम) से वापस भोपाल लौटे थे. भाजपा के सभी विधायक विशेष विमान से भोपाल लौटे. विमानतल पर नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पार्टी के विधायकों की अगवानी की. भार्गव ने कहा था, अगर फ्लोर टेस्ट नहीं हुआ तो हम फिर से सदन में इस पर चर्चा करेंगे. हम राज्यपाल के आदेश का पालन करेंगे. इसके पहले कांग्रेस के विधायक रविवार की सुबह ही जयपुर से भोपाल लौट आए थे. शाम को मुख्यमंत्री निवास पर विधायकों के साथ मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की बैठक भी हुई थी.
दिग्विजय ने की राज्यपाल से मुलाकात
विधानसभा स्थगित किए जाने के बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सीधे राजभवन पहुंचे. उन्होंने राज्यपाल लालजी टंडन से मुलाकात की. बताया जाता है कि वर्तमान परिस्थितियों को लेकर राज्यपाल के समक्ष उन्होंने सरकार का पक्ष रखा, लेकिन मुलाकात के बाद जब वे राजभवन से बाहर निकले तो उन्होंने कहा कि वे राज्यपाल से मिलने आया था, उनसे मेरे पुराने संबंध हैं. हमारे बीच राजनीतिक बातचीत नहीं हुई है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें