रविवार, 1 मार्च 2020

तीसरी सीट के लिए मतदान कराने की जमावट में जुटे भाजपा नेता

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की शिवराज सहित वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक

मध्यप्रदेश में राज्यसभा के लिए प्रत्याशी चयन के साथ ही भाजपा ने तीसरी सीट पर चुनाव कराने के लिए रणनीति बनानी शुरु कर दी है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वी.डी.शर्मा और शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य नेताओं की बैठकों का दौर शुरु हो गया है. बैठक में तीसरी सीट पर प्रत्याशी उतारकर मतदान कराने और उस हिसाब से वोट हासिल करने को लेकर गुणा-भाग किया जा रहा है. प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा और शिवराज सिंह चौहान अब दिल्ली जाकर पार्टी हाईकमान को वरिष्ठों के राय से अवगत कराएंगे. इसके बाद मतदान कराने और प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया पर मोहर लगेगी.
मध्यप्रदेश की तीन राज्यसभा की सीटों के लिए भाजपा ने रणनीति बनाना शुरु कर दी है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी.शर्मा ने पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह चौहान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव के साथ बैठकों का दौर शुरु कर दिया है. शनिवार को उन्होंने शिवराज सिंंह चौहान के साथ बैठक की. आज रविवार को उन्होंने अन्य नेताओं से भी राज्यसभा की सीटों के लिए रायशुमारी की. भाजपा नेताओं का मानना है कि संख्याबल के हिसाब से एक सीट तो उन्हें मिलना तय है, मगर दूसरी सीट के लिए मतदान कराया जाए. इस सीट के लिए मतदान हेतु कितने विधायकों की जरुरत होगी और भाजपा जीत के लिए अपने पक्ष में विधायकों से मतदान किस तरह कराएगी. भाजपा नेताओं की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई. चर्चा के बाद यह तय किया गया कि सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री चौहान दिल्ली जाकर पार्टी हाईकमान को सारी जानकारी देंगे, इसके बाद यह तय होगा कि तीसरी सीट के लिए मतदान कराया जाए या नहीं. फिलहाल नेताओं की बैठकों के बाद यह बात साफ हो गई कि भाजपा तीसरी सीट पर प्रत्याशी उताकर मतदान कराने का मन बना चुकी है. वह कांग्रेस के खाते में दो सीट देना नहीं चाहती है. जबकि कांग्रेस दो सीटों के लिए तैयारी कर रही है. हालांकि प्रत्याशी को लेकर कांग्रेस के नेताओं में भी उठापटक चल रही है.
उपचुनाव की तैयारी में जुटे प्रदेश अध्यक्ष
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी.शर्मा राज्यसभा के साथ-साथ आगर और जौरा में होने वाले उपचुनाव को लेकर भी तैयारी में जुट गए हैं. उन्होंने भाजपा नेताओं से बैठक के दौरान उपचुनाव में प्रत्याशी चयन को लेकर भी चर्चा की. इसके बाद उन्होंने तय किया कि वे 4 मार्च को आगर जाएंगे. शर्मा 4 मार्च को आगर में कार्यकर्ता सम्मेलन करेंगे. शर्मा क ेसाथ पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव भी उपस्थित रहेंगे.
पैनल भेजेंगे हाईकमान को
नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते ६ुए कहा कि बैठक में उपचुनाव, राज्यसभा चुनाव के अलावा विधानसभा के बजट सत्र पर भी चर्चा की गई. भार्गव ने कहा कि संगठन के संबंध में और आगामी विधानसभा सत्र की रणनीति के साथ ही विधायक दल की बैठक कब हो, क्या विषय हो, किन मुद्दों को विधानसभा में उठाना है, उस पर चर्चा हुई. उन्होंने बजट सत्र के छोटे होने पर सवाल उठाए और कहा कि   हमारे कई बार पत्र लिखने के बाद भी सदन की अवधि नहीं बढ़ाई जा सकी और पहली बार इतना छोटा बजट सत्र हो रहा है. उन्होंने कहा कि उपचुनाव और राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों का पैनल प्रदेश संगठन पार्टी हाईकमान को भेजेगा. इसके बाद नाम तय किए जाएंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें