गुरुवार, 5 मार्च 2020

शिवराज को बधाई देकर कसा तंज

जीतू पटवारी 

राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आज उनके जन्म दिन की बधाई देकर तंज भी कसा. उन्होंने कहा कि भगवान उन्हें लंबी उम्र दे, इंसान में राक्षस और रावण दोनों के गुण होते हैं, वे राम बनने की कोशिश करें.
पटवारी ने आज मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि हमारे सभी विधायकों मिलकर भाजपा के षडयंत्र का पर्दाफाश किया है. बीते दो दिनों से जो घटनाक्रम चल रहा था उसकी पूरी जानकारी मुख्यमंत्री कमलनाथ को थी और पूरी प्रक्रिया भाजपा को बेनकाब करने की ही अपनाई गई. उन्होंने कहा कि हमारे सभी नेता एकजुट हैं. सरकार को किसी तरह का कोई खतरा  नहीं है. राज्य की कांग्रेस सरकार चहुमुंखी विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और भाजपा इस षडयंत्र में लगी है कि सरकार को किस तरह से परेशान किया जाए, लेकिन वो इसमें सफल नहीं होगी. उन्होंने राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा कि मध्यप्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों में से दो कांग्रेस के कब्जे में आएंगी. उन्होंने कहा कि हाईकमान को उम्मीदवार तय करना है, हम नहीं करेंगे. 
विधायकों के हैं आडियो, जल्द करेंगे खुलासा
विधायकों से बातचीत के वीडियो आडियो हमारे पास है   भाजपा  प्रदेश का मुंह काला करने में लगी है सभी विधायक खुद आए हैं.  गुरुग्राम में इन लोगों ने गुंडों को बैठाया था, इसका खुलासा  भी जल्द ही समय आने किया जाएगा. भाजपा ने हमारे विधायकों से संपर्क किया है उसके साक्ष्य हैं हमारे पास. हम समय आने पर हाईकमान के सामने साक्ष्य का खुलासा करेंगे. भाजपा के नेता बताएं कि काला धन कहां से आया है जो विधायकों को 35 करोड़ का लालच दे रही है.
कमलनाथ ने दी चौहान को बधाई
सियासी उठापटक के बाद आज मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को उनके जन्मदिन पर बधाई दी है. मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा है कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं. बधाई के साथ ही कमलनाथ ने एक फोटो भी शेयर किया है . इस फोटों में दोनों नेता गले मिलते दिखाई दे रहे हैं. मुख्यमंत्री द्वारा दी गई बधाई पर पूर्व मुख्यमंत्री ने उनका आभार जताते हुए ट्वीट किया है कि कमलनाथजी आपके स्नेह और ऊर्जा से भरे शब्दों से खुशी हुई. आपकी शुभकामनाओं के लिए हृदय से आभार.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें