गुरुवार, 12 मार्च 2020

नरोत्तम की दिग्विजय को चुनौती, कहा कराएं फ्लोर टेस्ट


भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को चुनौती दी है कि वे केवल दावा नहीं करें, बल्कि विधानसभा में कमलनाथ सरकार का फ्लोर टेस्ट कराएं. 
भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा ने आज पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बयान विधानसभा में कमलनाथ सरकार फ्लोर टेस्ट के दौरान बहुमत हासिल करेगी, पर पलटवार किया है. मिश्रा ने कहा है कि दिग्विजय सिंह को विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन ही फ्लोर टेस्ट कराना चाहिए. मिश्रा ने कहा कि भाजपा 16 मार्च को सत्र के पहले दिन ही यह मांग करेगी.  राज्यपाल के अभिभाषण को लेकर मिश्रा ने कहा कि वर्तमान में हम सबसे बड़े दल के रूप में हैं. कमलनाथ सरकार अल्पमत में है, इसलिए उसका अभिभाषण सत्र में बनता ही नहीं है. 
मिश्रा ने कहा कि सभी 22 विधायकों के इस्तीफे राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष के पास पहुंच चुके हैं, उन विधायकों के इस्तीफे स्वीकार करना चाहिए. मिश्रा ने कहा कि 8 से 10 दिन के अंदर मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी.
अल्पमत वाली सरकार कैसे बुला सकती है सत्र
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्यपाल के अभिभाषण से पहले फ्लोर टेस्ट कराने की मांग की है. शिवराज सिंह  ने सवाल उठाए हैं कि अल्पमत की सरकार कैसे राज्यपाल का अभिभाषण करा सकती है. चौहान ने कहा है कि ये सच्चाई है कि कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे के बाद सरकार अल्पमत में हैं. ऐसे में सरकार सत्र नहीं बुला सकती और न ही राज्यपाल का अभिभाषण करा सकती ह. अभिभाषण से पहले भाजपा फ्लोर टेस्ट कराने की मांग की है.
फ्लोर टेस्ट की करेंगे मांग
राज्य के पूर्व गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने भी दावा किया है कि विधानसभा में हम सबसे बड़े दल हैं, हम बजट सत्र के पहले ही दिन फ्लोर टेस्ट की मांग करेंगे. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार अल्पमत में है.
अब भी समय है, वापस लौट आएं
सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के बाद प्रदेशभर में सिंधिया समर्थक खुश हैं, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं में निराशा भी नजर आती है. राज्य के जनसंपर्क मंत्री पी.सी.शर्मा ने सिंधिया समर्थकों से अपील की है कि अब भी समय है वापस लौट आए. शर्मा ने कहा कि उनको महत्व दिया जाएगा, किसी की बातों में न आएं. उन्होंने यह भी दावा कि कमलनाथ सरकार पूरे 5 साल चलेगी. पोस्टरों पर कालिख पोते जाने को लेकर शर्मा ने कहा कि इसमें कांग्रेस या कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कोई रोल नहीं है. भाजपा समर्थक सिंधिया के पोस्टरों, बैनरों को चाहे जिस जल से धोएं उससे कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने कहा कि सरकार गिराने में दिग्विजय सिंह का कोई रोल नहीं है. शर्मा ने कहा कि उनसे जितना बन सका उन्होंने किया और अभी भी लगे हुए हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें