प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनता कर्फ्यू के आह्वान के तहत आज राजधानी भोपाल में सन्नाटा पसरा रहा. रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड सूने पड़े रहे. कुछ पेट्रोल पंप बंद तो कुछ खुले रहे. वहीं राजधानी के कुछ इलाकों में दारु की दुकानें भी खुली रही. हालांकि इन दुकानों पर भीड़ नजर नहीं आई. सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कोरोना वायरस के चलते लोगों से आज रविवार को जनता कर्फ्यू में रहने का आह्वान किया था. इस आह्वान के तहत राजधानी में आज सुबह 7 बजे से ही कर्फ्यू का असर दिखाई देने लगा था. लोग स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद किए रहे. भोपाल के कई इलाकों में सुबह के वक्त तो पेट्रोप पंप खुले थे, मगर कुछ क्षेत्रों में ये पेट्रोल पंप भी बंद कर दिए गए. हालांकि पेट्रोल पंपों पर रोजाना की तरह वाहन चालक भी कम ही नजर आए.
राजधानी भोपाल स्टेशन से चलने वाली अधिकतर ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, इक्का दुक्का जो ट्रेनें चली भी, उनमें यात्रियों को भी कोरोना वायरस से बचने के लिए जानकारी दी जा रही थी. साथ ही सैनिटाइजर भी किया गया. जो यात्री दूसरे शहर से आ रहे हैं, उनके लिए रेलवे घर तक छोड़ने के लिए गाड़ी का इंतजाम भी किया है. वहीं बस स्टेंड पर भी सन्नाटा ही पसरा नजर आए. बसें खड़ी रही, मगर गंतव्य स्थल के लिए रवाना नहीं हुई. बस स्टेंडों पर भी यात्री नहीं पहुंचे.
वहीं जनता कर्फ्यू के चलते रोजाना कमाने-खाने वाले लोगों को मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा. कर्फ्यू के चलते चाय, पान की गुमटियां भी बंद रही और छोटे व्यवसायियों के कारोबार भी पूरी तरह ठप रहा, जिसके चलते ये व्यवसायी दुखी भी नजर आए. इनके सामने रोजगार का संकट पैदा हुआ.
सुनसान रही भीड़ वाली गलियां
राजधानी में आज जनता कर्फ्यू के दौरान जिन गलियों में रोजाना भीड़ होती थी, जहां वाहन चालकों को वाहन चलाने में परेशानी भी उठानी पड़ती थी. उन गलियों में सन्नाटा पसरा रहा. पुराने शहर की इन गलियों में सुबह से इतनी भीड़ होती है कि दो पहिया वाहन का गुजरना भी मुश्किल होता है, लेकिन आज कोरोना को मात देने के लिए मुस्लिम बहुल इन इलाकों में पूरी तरह से जनता कर्फ्यू का पालन करती नजर आई. कहीं कोई दुकानें नहीं खुली है. सुबह-सुबह कुछ सफाई कर्मचारी यहां आए थे. सभी लोग अपने घरों में हैं. राजधानी के इतिहास में कुछ ही बार ऐसे अवसर आए होंगे जब जब आम लोगों से गुलजार रहने वाले इन इलाकों में इस तरह का सन्नाटा पसरा हुआ हो.
बाजारों में पसरा रहा सन्नाटा
राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट, पुराने शहर के बाजारों के अलावा पूरी राजधानी के बाजारों में आज सन्नाटा पसरा रहा. बाजार पूरी तरह से बंद रहे. दवा की दुकानों को छोड़कर बाजारों में सभी दुकानें बंद रही. इस दौरान परिवहन व्यवस्था भी बंद रही. राजधानी में 210 लो फ्लोर बसें, 3 हजार कैब के भी पहिए भी थमे रहे. नगर परिवहन सेवा में चलने वाली मैजिक वाहन, आटो और 700 मिनी बसों का संचालन भी आज सुबह से ही बंद रहा. सड़कों पर आवाजाही बिल्कुल नहीं थी. दुकानें, पार्क सब बंद है. प्रशासन ने लोगों से घरों से न निकलने की अपील की है. भोपाल में सुबह 6 बजे से ही जनता कर्फ्यू का असर नजर आ रहा है.
पुलिस रही मुस्तैद
कोरोना वायरस को लेकर जनता कर्फ्यू के आह्वान पर आज राजधानी पुलिस भी पूरी तरह से मुस्तैद है. राजधानी पुलिस ने अलग-अलग पाइंट्स बनाकर जवानों को तैनात किया है. जगह-जगह बैरिकेट्स लगाए गए हैं. करीब 2 हजार से ज्यादा जवान फील्ड में तैनात रहे.
धरने पर बैठे रहे अतिथि विद्वान
जनता कर्फ्यू के बीच राजधानी भोपाल के शाहजनी पार्क में अतिथि विद्वानों का धरना जारी रहा. खास बात यह है कि अपने हक की लड़ाई लड़ रहे अतिथि विद्वान पूरी एहतियात के साथ धरने पर बैठे रहे. चेहरे पर मास्क लगाए रहे और दूरी बनाकर रखी गई.बता दे कि नियमितीकरण की मांग कर रहे प्रदेश भर के अतिथि विद्वान पिछले करीब 105 दिनों से धरने पर बैठे है, और आज जनता कर्फ्यू के दिन भी पूरी एहतियात के साथ धरना जारी हैं.
खुली रही शराब की दुकानें
राजधानी भोपाल में एक ओर आम नागरिक स्वत: ही जनता कर्फ्य का पालन करते रहे और घरों से बाहर नहीं निकले. वहीं भोपाल जिला प्रशासन ने जनता कर्फ्यू की धज्जियां भी उड़ाने में कोई कसर नहीं रखी. राजधानी के अलावा आज जिले भर में दारु की दुकानें खुली रही. पुलिस कर्मचारी भी इन दुकानों को देखते रहे, मगर बंद नहीं करा सके. हालांकि रोज की तरह इन दुकानों पर भीड़ नजर नहीं आई, मगर चहल-पहल होती रही.
रोज कमाकर जीवन यापन करने वालों के नुकसान की करें भरपाई
कार्यवाहक मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि मैं एक बार फिर दोहराता हूं कि कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने को लेकर सुरक्षा की दृष्टि से उठाए कदमों व फैसलों से छोटे खुदरा व्यापारियों व रोज कमाकर अपना जीवन यापन करने वालों के नुकसान की भरपाई हो. उन लोगों के लिए राहत पैकेज का इंतजाम अगली सरकार करे. नाथ ने कहा है कि नोवल कोरोना वायरस से बचाव व सुरक्षा के लिए एहतियातन कई कदम उठाए जा रहे है व कई निर्णय लिये जा रहे है, जिसमें बाजार बंद , जनता कर्फ्यू , व्यावसायिक क्षेत्र बंद , कार्यालय बंद , जनता द्वारा खुद को लाक डाउन, आयोजन बंद , समारोह बंद जैसे निर्णय सावधानी बतौर लिये जा रहे है. इन निर्णयों से बड़े व्यवसायी तो एक बार खुद को इस संकट से उबार लेंगे लेकिन वो गरीब खुदरा-छोटे-मध्यम व्यवसायी, दिहाड़ी मजदूर और वो व्यवसायी जो प्रतिदिन कमाकर अपना जीवन यापन करते है , घर चलाते है , उनको होने वाली आर्थिक क्षति को लेकर मैं बेहद चिंतित हूं. चूंकि एक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में , अब मैं कोई नीतिगत निर्णय नहीं ले सकता हूं , इसलिए मैं आगामी सरकार से ही उम्मीद कर सकता हूं कि इन छोटे-छोटे व्यवसायियों को होने वाली आर्थिक क्षति व नुकसान की भरपाई वो आते ही करे. इनके लिये एक राहत पैकेज की घोषणा करे. क्योंकि उनके लिये यह दोहरी मार है. एक तरफ तो व्यवसाय चौपट दूसरा जीवन यापन के लिए आवश्यक खर्च का इंतजाम. नाथ ने कहा कि मुझे आशा व विश्वास है कि आने वाली सरकार छोटे-छोटे खुदरा व्यवसायियों, पान वाले, चाय वाले, ठेले वाले, गुमटी वाले, फुटपाथ पर व्यवसाय करने वालों, हाकर बाजार में व्यवसाय करने वालों , छोटे होटल वाले, दिहाड़ी मजदूर व प्रतिदिन कमाकर अपना जीवन यापन करने वाले इन लोगों के हितों की चिंता करेगी व इनके नुकसान की भरपाई करेगी, इनके लिए एक सम्मानजनक राहत पैकेज की घोषणा करेगी.
कोरोना वायरस को परास्त कर पेश करें मिशाल
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से जनता कर्फ्यू का पालन करने की अपील की. सिंह ने हाथ धोते हुए वीडियो जारी किया है और लोगों से अपील की है कि जनता कर्फ्यू में अपनी सहभागिता जरुरी है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर सभी कोरोना वायरस को परास्त कर मिसाल पेश करें. सिंह का कहना है कि कोरोना से बचाव के लिए सिर्फ जागरूकता और सावधानी ही एक उपाय है. इसलिए लोग संक्रमण से बचाव के लिए दूर से नमस्कार कर लोगों का अभिवादन करें. भीड़भाड़ वाली जगह में जाने से बचें और बार-बार अपने हाथ सैनिटाइज करें या साबुन से साफ करते रहें. पूर्व मुख्यमंत्री ने हाथ धोते हुए एक वीडियो भी जारी किया है.
कोरोना वायरस से बचाव में भाजपा का आपके साथ
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने ट्वीट कर कार्यवाहक मुख्यमंत्री कमलनाथ और राज्यपाल लालजी टंडन से अपील की है. शर्मा ने कोरोना वायरस को लेकर सरकार और प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के द्वारा जनता के हित में उठाए जाने वाले सभी कदमों को हमारा समर्थन है. शर्मा ने लिखा मेरी मध्य प्रदेश के राज्यपाल और कार्यकारी मुख्यमंत्री से अनुरोध है कि कोरोना वायरस से बचाव पूरी भाजपा आपके साथ खड़ी हर संभव सहयोग देंगे. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने ट्वीट कर कहा कि हमें मिलकर कोरोना वायरस से प्रदेश की जनता को बचाना है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें