मंगलवार, 3 मार्च 2020

फोकट का पैसा मिले तो लें विधायक, भाजपा के पास आया कहां से इतना पैसा

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने तोड़ी चुप्पी, कहा दिग्विजय के बयान से हूं समहत
कमलनाथ 
मध्यप्रदेश में चल रहे सियासी घमासान पर अब राज्य के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंंह के बयान का समर्थन किया है. मुख्यमंत्री ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह ने जो आरोप लगाए हैं, मैं उससे सहमत हूं. भाजपा कांग्रेस के विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि मैंने तो विधायकों से कहा है कि अगर फोकट का पैसा मिले तो वे लें.
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाजपा पर लगाए गए हार्स ट्रेडिंग के आरोपों का आज राज्य के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने समर्थन किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को डर है कि उनके 15 साल के घोटाले सामने आ जाएंगे, यही वजह है कि विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा के पास इतना पैसा आया कहां से, मैंने तो कांग्रेस विधायकों से कहा है कि अगर फोकट का पैसा मिले तो ले लो. उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों ने उनसे शिकायत भी है.  उन्होंने कहा कि मैं आश्वस्त हूं कांग्रेस विधायक कहीं नहीं जाने वाले हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा के कई विधायक भी उनके संपर्क में हैं. मुख्यमंत्री के इस दावे के बाद भाजपा में हड़कंप मच गया है. 
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक दिन पहले सोमवार को भाजपा पर राज्य की कमलनाथ सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा था की भाजपा, कांग्रेस विधायकों को 25 से 35 करोड़ का आफर दे रही है. शिवराज सिंह चौहान और नरोत्तम मिश्रा दोनों में ये तय हुआ है कि एक मुख्यमंत्री और दूसरा उप मुख्यमंत्री बनेगा. अभी लगभग 10 विधायकों के पास ये आफर आए हैं. जिसकी जानकारी उन्होंने मुझे दी है.
दिग्विजय का आरोप, रामबाई को दिल्ली ले गए भूपेन्द्र सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है. उनका आरोप है कि, बीजेपी नेता सपा-बसपा नेताओं को दिल्ली ले जाने की तैयारी कर रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री  ने ट्वीट कर शिवराज सिंह चौहान से सवाल किया है.  उन्होंने लिखा है कि भाजपा ने मध्यप्रदेश के कांग्रेस, बसपा, समाजवादी विधायकों को दिल्ली लाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है. बसपा की विधायक राम बाई को क्या भाजपा के पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह कल चार्टर फ्लाइट में भोपाल से दिल्ली नहीं लाए ? शिवराज कुछ कहना चाहेंगे ? हालांकि दिग्विजय ने इसके बाद यह भी कहा कि हमें राम बाई पर पूरा भरोसा है वे कमलनाथ की प्रशंसक हैं और उनका समर्थन करती रहेंगी.
विधायक ने कहा मुझे भाजपा ने दिया आफर
मुरैना जिले की सबलगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक  बैजनाथ कुशवाह ने आज राजधानी में सहकारिता मंत्री डा. गोविंद सिंह के निवास पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए दावा कि भाजपा ने उन्हें आफर दिया है. उन्होंने कहा कि अगर भाजपा उन्हें  सौ करोड़ भी दे तो वे कांग्रेस छोड़कर नहीं जाने वाले. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मुझ जैसे जमीन से जुड़े कार्यकर्ता को विधायक बनाया. कुशवाह डा. सिंह के समर्थक है. उन्हें भी दिग्विजय सिंह खेमे का माना जाता है. डा. गोविंद सिंह ने कहा कि कुशवाह ईमानदार व्यक्ति हैं, उन्हें कोई भी नहीं खरीद सकता है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं गिरेगी. आगे भी 5 साल यही सरकार चलेगी.
मुंगेरीलाल के सपने देखना बंद करे भाजपा
मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष शोभा ओझा ने कहा कि भाजपा सत्ता के बाहर बिन पानी की मछली की तरह तड़प रही है. वो किसी भी तरह से सत्ता में आने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि ना तो कांग्रेस, ना स्वतंत्र, ना ही सपा और ना ही बसपा के विधायक बिकाऊ हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा ने कर्नाटक, गोवा में खरीद-फरोख्त कर हार्स ट्रेडिंग सरकार बनाई, उसी तरह से वह मध्यप्रदेश में सरकार नहीं बना पाएगी. ओझा ने कहा कि भाजपा मुंगेरीलाल के सपने देखना बंद करे, क्योंकि प्रदेश की जनता, विधायक और भाजपा के कई नेता भी विधानसभा के अंदर और बाहर और जनता के बीच भी खुले स्वर में मुख्यमंत्री कमलनाथ और कांग्रेस सरकार के काम की तारीफ कर रहे हैं.
राज्यसभा जाने के लिए दबाव बना रहे दिग्विजय
नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि दिग्विजय सिंह केवल राज्यसभा जाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं. वे अपनी ही पार्टी को धमका रहे है कि अगर कमान उनके हाथ में रहेगी तो सब कुछ ठीक रहेगा, ताकि उनकी पार्टी उन्हें राज्यसभा भेज दे, क्योंकि चुनाव को लेकर कांग्रेस के बड़े नेताओं के बीच आपसी टकराव हो रहा है, इसीलिए वे अब भाजपा पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं. विधायक रामबाई  के पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह के साथ दिल्ली जाने के सवाल उन्होंने कहा कि विधायकों के दिल्ली में कई काम होते हैं, इसलिए साथ गए होंगे. इसके ये अर्थ नहीं हैं कि उन्हें खरीदा जा रहा है.
समस्याओं से ध्यान भटका रहे है दिग्विजय
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ऊलजलूल बातें कर रहे हैं. वे इस तरह की बातें करके आपस में एक-दूसरे के मजे लेते रहेंगे और प्रदेश की समस्याओं से लोगों का ध्यान भटकाते रहेंगे. चौहान ने कहा दोनों नेताओं से कहा कि भैया इस मटरगश्ती से समय मिले तो जरा लोगों की समस्याओं पर भी ध्यान दे लीजिए. ऐसी बहानेबाजी करने की जरुरत ही नहीं पड़ेगी.
भाजपा संगठन ने कहा कांग्रेस के झांसे में न आएं विधायक
विधायकों की खरीद-फरोख्त के बीच प्रदेश भाजपा संगठन ने सभी विधायकों से कहा है कि वे कांग्रेस नेताओं के झांसे में न आएं और एकजुट रहकर पार्टी के लिए काम करें. कांग्रेस सरकार को बजट सत्र के दौरान जनता के साथ किए गए छलावे पर जमकर घेरने के लिए विधायकों से मुद्दे भी पूछे जा रहे हैं. छह संभागों के विधायकों से सोमवार हुई बैठक के बाद आज मंगलवार को प्रदेश संगठन द्वारा रीवा-शहडोल, सागर व जबलपुर संभाग के विधायकों से चर्चा की गई.  बैठक में मुख्य फोकस रीवा व शहडोल संभाग के विधायक शरद कौल और नारायण त्रिपाठी जैसे विधायक रहे जिनके कारण छह माह पहले भाजपा को किरकिरी का सामना करना पड़ा था. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने इन संभागों के विधायकों से चर्चा में साफ कहा है कि कांग्रेसियों के झांसे में नहीं आएं. हम अनुशासित दल के नेता हैं और हमारी एकजुटता आने वाले दिनों में पार्टी की मिसाल बनेगी.
मुंगेरीलाल के सपने देखना बंद करे भाजपा
मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष शोभा ओझा ने कहा कि भाजपा सत्ता के बाहर बिन पानी की मछली की तरह तड़प रही है. वो किसी भी तरह से सत्ता में आने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि ना तो कांग्रेस, ना स्वतंत्र, ना ही सपा और ना ही बसपा के विधायक बिकाऊ हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा ने कर्नाटक, गोवा में खरीद-फरोख्त कर हार्स ट्रेडिंग सरकार बनाई, उसी तरह से वह मध्यप्रदेश में सरकार नहीं बना पाएगी. ओझा ने कहा कि भाजपा मुंगेरीलाल के सपने देखना बंद करे, क्योंकि प्रदेश की जनता, विधायक और भाजपा के कई नेता भी विधानसभा के अंदर और बाहर और जनता के बीच भी खुले स्वर में मुख्यमंत्री कमलनाथ और कांग्रेस सरकार के काम की तारीफ कर रहे हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें