गुरुवार, 1 फ़रवरी 2024

कांग्रेस ने कहा कि बजट में चार झूठ बोले सरकार ने


भोपाल।  मोदी सरकार ने आज लोकसभा में अपना अंतिरम बजट पेश किया। सरकार के अंतिरम बजट को कांग्रेस केवल एक झुनझुना बताया है। कांग्रेस ने कहा कि बजट को लेकर सरकार ने चार झूठ बोले हैं। 

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बजट को लेकर कहा कि  मोदी सरकार ने अंतरिम बजट में भी पूरी ईमानदारी से चार झूठ बोले हैं! आर्थिक झूठ, सामाजिक झूठ, राजनीतिक झूठ, नैतिक झूठ। पटवारी ने कहा कि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज देने वाली केंद्र सरकार दावा कर रही है कि 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला! यह भाजपा का वर्ष 2024 में बोला गया सबसे बड़ा “आर्थिक झूठ” है. क्योंकि, मैं जिस देश में रहता और लोगों से मिलता हूं वहां गरीबों की परिभाषा अलग है! और, भाजपा के सरकारी कागजों में गरीब की उपस्थिति अलग तरह से दिखाई और दर्शायी जा रही है। उन्होंने कहा कि कर्ज में डूबा किसान इस बात को जानता है कि आय तो दोगुनी नहीं हुई, लागत जरूर चार गुना बढ़ गई है। लेकिन, फिर केंद्रीय वित्त मंत्री की बजट-बुक कह रही है कि पीएम किसान योजना से 11.8 करोड़ लोगों को आर्थिक मदद मिली है। इसे भी मैं वर्ष 2024 में बोला गया सबसे बड़ा “नैतिक झूठ” कहूंगा!

सामने आया जनविरोधी चेहरा

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि बड़ा हुआ तो क्या हुआ जैसे पेड़ खजूर। पंछी को छाया नहीं फल लागे अति दूर। मोदी सरकार के आज पेश किए गए अंतरिम बजट की स्थिति कुछ ऐसी ही है। हमें आशा थी कि चुनाव से पूर्व के इस बजट में वित्त मंत्री बताएंगी कि प्रधानमंत्री ने जो हर वर्ष 2 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था उस हिसाब से 20 करोड़ रोजगार देने का टारगेट कहीं पहुंचा भी या नहीं? उन्होंने कहा कि मध्यमवर्ग को आशा थी कि सरकार इनकम टैक्स स्लैब में कोई छूट देगी, लेकिन एक बार फिर से अपना जन विरोधी चेहरा सामने लाते हुए मोदी सरकार ने आयकर में कोई छूट नहीं दी। मोदी सरकार ने वादा किया था कि 2022 में किसानों की आमदनी दोगुनी कर दी जाएगी लेकिन आज 2024 के बजट में भी किसानों के पक्ष में एक ढंग की बात भी सरकार नहीं बोल सकी।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें