मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश के निर्माण के लिए भारतीय जनता पार्टी है. भाजपा पद, प्रतिष्ठा प्राप्त करने के लिए नहीं है, बल्कि भारत के निर्माण के लिए है. एक ऐसा भारत जो इक्कीसवीं शताब्दी में दुनिया का नेतृत्व करे और धीरे-धीरे हम इस दिशा में बढ़ चले हैं.
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर राजधानी भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम कही. उन्होंने कहा कि कम्युनिज्म में दुनिया को सुख नहीं मिला और पूंजीवाद में शोषण हुआ तो पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने कहा कि पश्चिम का अंधानुकरण मत करो. हम सोचें कि हमारी भारतीय संस्कृति में ऐसा कोई विचार है, जिसके आधार पर हम समाज और राष्ट्र जीवन की रचना कर सकें. उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानव दर्शन का विचार दिया. इस प्रगतिशील विचार में हम सभी एक-दूसरे से जुड़कर अपना अस्तित्व साधते हुए एक-दूसरे के पूरक एवं स्वाभाविक सहयोगी बनते हैं. एक-दूसरे के लिए कल्याण का भाव होता है.
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी कार्यकर्ता अलग-अलग कारणों और विचारों से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी में आए हैं. एक वैभवशाली भारत, एक गौरवशाली भारत, एक समृद्ध भारत, एक सम्पन्न भारत, एक शक्तिशाली भारत के निर्माण के लिए हम सब भाजपा में हैं. उन्होंने कहा कि हमारे श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने कश्मीर से धारा 370 समाप्त करने का जो संकल्प लिया था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा कर दिया गया है. भारत माता की जय का उद््घोष चारों दिशाओं में हो रहा है, मातृभूमि की वंदना हो रही है, तो पंडित दीनदयाल उपाध्याय को हम प्रणाम करते हैं. चौहान ने कहा कि देश के निर्माण के लिए भारतीय जनता पार्टी है. भाजपा पद, प्रतिष्ठा प्राप्त करने के लिए नहीं है, बल्कि भारत के निर्माण के लिए है. एक ऐसा भारत जो इक्कीसवीं शताब्दी में दुनिया का नेतृत्व करे और धीरे-धीरे हम इस दिशा में बढ़ चले हैं.
इसके पूर्व चौहान सहित भाजपा नेताओं ने भाजपा कार्यालय परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें